बडगाम मुठभेड़: पहलगाम हमले का आरोपी लश्कर आतंकी हाशिम मूसा ढेर, 26 पर्यटकों की हत्या के बाद से था फरार
बडगाम के यूसमर्ग स्थित पालमैदान इलाके में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-ताइबा के आतंकी मोहम्मद आसिफ उर्फ हाशिम मूसा को मार गिराया। हाशिम मूसा 2025 के पहलगाम आतंकी हमले के प्रमुख संदिग्धों में शामिल था।
विस्तार
जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-ताइबा के आतंकवादी मोहम्मद आसिफ उर्फ हाशिम मूसा को मार गिराया। सुरक्षाबलों ने उसके शव के साथ युद्ध जैसी सामग्री भी बरामद की है।
सेना की चिनार कोर के अनुसार यूसमर्ग क्षेत्र के पालमैदान इलाके में बुधवार सुबह संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर तलाशी अभियान चलाया गया था। अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने संदिग्ध गतिविधि देखी और आतंकवादियों को चुनौती दी। इसके बाद आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान हाशिम मूसा मारा गया।
सुरक्षाबलों ने बताया कि इलाके में तलाशी अभियान अभी जारी है और आसपास के क्षेत्र में किसी अन्य आतंकी की मौजूदगी की जांच की जा रही है।
हाशिम मूसा को वर्ष 2025 में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के प्रमुख संदिग्धों में शामिल किया गया था। इस हमले में 26 पर्यटकों की मौत हुई थी। हमले के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पाकिस्तान के नागरिकों और लश्कर-ए-तैयबा के आतंकियों आदिल हुसैन ठोकर, अली भाई और हाशिम मूसा की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना पर 20-20 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
हाशिम मूसा पाकिस्तान के स्पेशल सर्विस ग्रुप में पैरा-कमांडो के तौर पर भी काम कर चुका था।
पहलगाम आतंकी हमले की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने मामले में सात आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था। इसमें पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा और उसके कथित नाम द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) को भी मामले में आरोपी बनाया गया है। एनआईए के अनुसार, हमले की साजिश, उसे अंजाम देने और मदद पहुंचाने में पाकिस्तान स्थित आतंकी नेटवर्क की भूमिका सामने आई थी। पाकिस्तानी हैंडलर आतंकी साजिद जट का नाम भी आरोपपत्र में शामिल है।
फिलहाल सुरक्षाबल पालमैदान और आसपास के इलाकों में अभियान जारी रखते हुए किसी अन्य आतंकी की मौजूदगी और हथियारों की बरामदगी की जांच कर रहे हैं।