फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   India Issues Fresh Advisory for Nationals in Saudi Arabia Amid Security Concerns, Several Flights Suspended

सऊदी अरब में भारतीय नागरिकों के लिए नई एडवाइजरी: हवाई हमले पर तुरंत सुरक्षित जगह जाने की सलाह; कई उड़ानें रद्द

Sun, 18 Oct 2026 09:37 PM IST
हिमांशु सिंह चंदेल वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, रियाद
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, रियाद Published by: हिमांशु सिंह चंदेल Updated Sun, 18 Oct 2026 09:37 PM IST
सार

सऊदी अरब में हूती विद्रोहियों के हमलों के बाद भारत ने अपने नागरिकों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है। लोगों को हवाई हमले के दौरान सुरक्षित जगह जाने और उड़ानों में व्यवधान को ध्यान में रखने की सलाह दी गई है। रियाद एयरपोर्ट बंद है और कई भारतीय विमानन कंपनियों ने उड़ानें रोक दी हैं। ऐसे में भारतीय नागरिक सुरक्षित कैसे रहें? सऊदी अरब से भारत लौटने के लिए कौन-से विकल्प उपलब्ध हैं? आइए, सबकुछ विस्तार से जानते हैं...
 

विज्ञापन
India Issues Fresh Advisory for Nationals in Saudi Arabia Amid Security Concerns, Several Flights Suspended
सऊदी अरब - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

सऊदी अरब में सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच भारत ने वहां रह रहे अपने नागरिकों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है। भारतीय दूतावास ने लोगों से मौजूदा हालात को देखते हुए सावधानी बरतने और हवाई हमले की स्थिति में तुरंत सुरक्षित जगह पहुंचने को कहा है। यह चेतावनी यमन के हूती विद्रोहियों की ओर से सऊदी अरब पर ड्रोन और मिसाइल हमलों के बाद जारी की गई है। 10 अक्तूबर को रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए घातक हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे। इसके बाद भारतीय दूतावास ने सुरक्षा संबंधी निर्देश दोहराए हैं।

विज्ञापन


भारतीय दूतावास ने नागरिकों को क्या सावधानी बरतने को कहा?
रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने रविवार को सोशल मीडिया पर भारतीय समुदाय के लिए एडवाइजरी जारी की। इसमें कहा गया कि हवाई हमले की स्थिति में लोग तुरंत किसी इमारत के भीतर सुरक्षित जगह पर चले जाएं। खिड़कियों से दूर अंदरूनी कमरे में रहना बेहतर होगा। लोगों को चल रही घटनाओं से जुड़ी जानकारी, तस्वीरें या वीडियो बनाने, प्रकाशित करने और साझा करने से भी मना किया गया है। सऊदी अधिकारियों की ओर से आपात चेतावनी मिलने पर लोगों को शांत रहने, आधिकारिक निर्देशों का पालन करने और खतरा टलने तक सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है। लोगों से खुले इलाकों, खिड़कियों, शीशों, छतों और बालकनी से दूर रहने को भी कहा गया है।
विज्ञापन


रियाद एयरपोर्ट पर हमले के बाद क्या स्थिति बनी?
सऊदी अरब पर ड्रोन और मिसाइल हमलों के बाद सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। 10 अक्तूबर को रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हुई और कई लोग घायल हुए। भारतीय दूतावास ने बताया कि उसके अधिकारी अस्पतालों में भर्ती घायल भारतीयों से मिलने जा रहे हैं। अधिकारी उनके परिवारों के संपर्क में भी हैं और जरूरी मदद उपलब्ध करा रहे हैं। दूतावास के अनुसार, रियाद का अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा उड़ानों के लिए बंद था, जबकि दम्माम, जेद्दा और मदीना के हवाई अड्डों पर उड़ानें चल रही थीं। हालांकि, इन हवाई अड्डों पर भी कुछ व्यवधान बने हुए थे।
विज्ञापन
विज्ञापन


भारत से सऊदी अरब की उड़ानों को लेकर क्या जानकारी दी गई?
दूतावास के मुताबिक, एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस और इंडिगो ने सभी मार्गों पर 24 अक्तूबर तक उड़ानें निलंबित कर दी हैं। वहीं, अकासा एयर ने सभी मार्गों पर 27 अक्तूबर तक उड़ानें रोक दी हैं। दूसरी ओर, सऊदी अरब की विमानन कंपनी सऊदिया की दम्माम, जेद्दा और मदीना से भारत आने वाली निर्धारित उड़ानें उपलब्ध थीं। फ्लाइनास की दम्माम-दिल्ली और दम्माम-मुंबई उड़ानें 17 से 24 अक्तूबर के बीच उपलब्ध थीं। दम्माम-लखनऊ की निर्धारित सेवाएं भी उपलब्ध थीं। फ्लाईएडील की दम्माम-मुंबई उड़ानें 17 और 18 अक्तूबर के लिए उपलब्ध थीं। तत्काल सऊदी अरब छोड़ने की जरूरत वाले भारतीय नागरिक बहरीन, कुवैत या कतर के रास्ते जाने पर विचार कर सकते हैं, लेकिन इसके लिए जरूरी वीजा होना चाहिए। उमरा सहित अन्य कारणों से सऊदी अरब जाने वालों को भी उड़ानों में रद्दीकरण और देरी की आशंका को ध्यान में रखने को कहा गया है।


आपात स्थिति में भारतीय नागरिक कहां संपर्क कर सकते हैं?
दूतावास ने भारतीय नागरिकों से कहा है कि वे सऊदी अधिकारियों की आधिकारिक सूचनाओं का पालन करें। वाहन चलाते समय आपात चेतावनी मिलने पर पुलों और ऊंची इमारतों से दूर सड़क किनारे गाड़ी रोकने की सलाह दी गई है। बाहर मौजूद लोगों को नजदीकी इमारत में जाने या किसी मजबूत अवरोध के पीछे शरण लेने को कहा गया है। मक्का, मदीना, रियाद और पूर्वी प्रांत में आपात स्थिति के लिए 911 और सऊदी अरब के अन्य क्षेत्रों में 998 पर संपर्क किया जा सकता है। रियाद स्थित भारतीय दूतावास के नंबर +966-554412016 और +966-542126784 हैं। सऊदी अरब के भीतर टोल-फ्री नंबर 8002471234 भी उपलब्ध है। व्हाट्सऐप पर +966-536216082 और ईमेल cw.riyadh@mea.gov.in के जरिए संपर्क किया जा सकता है। जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के नंबर +966-12-2614093 और +966-556122301 हैं। व्हाट्सऐप नंबर +966-536209704 पर संदेश भेज सकते हैं और ईमेल pbskcgi@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed