रेखा बर्थडे: सायरा बानो ने अभिनेत्री पर लुटाया प्यार, मेकअप रूम से जुड़ा पुराना किस्सा सुनाकर दी बधाई
Saira Banu: हिंदी सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री रेखा आज 10 अक्टूबर को अपना जन्मदिन मना रही हैं। इस मौके पर दिग्गज अभिनेत्री सायरा बानो ने भी रेखा को खास अंदाज में जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं। जानिए उन्होंने क्या कहा।
विस्तार
सायरा बानो ने रेखा के लिए लिखा खास नोट
सायरा बानो ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'जन्मदिन मुबारक हो, मेरी प्यारी रेखा। कुछ कलाकार ऐसे होते हैं, जो अपने आसपास की चमक-दमक और तारीफों के बीच भी अपनी असली पहचान बनाए रखते हैं। रेखा, आपके अंदर भी यह खासियत हमेशा रही है। आपकी अपनी एक अलग पहचान है, जिसने आपको भारतीय सिनेमा की विरासत का एक यादगार हिस्सा बना दिया है। हमारा रिश्ता कई साल पुराना है। यह देखकर अच्छा लगता है कि समय बीतने के साथ और अब थोड़ा ज्यादा खाली समय मिलने पर हम एक-दूसरे को पहले से बेहतर तरीके से जानने लगे हैं।'
सायरा बानो ने आगे लिखा, 'मेरी कुछ सबसे प्यारी यादें फिल्मिस्तान के दिनों से जुड़ी हैं। उस समय मैं एक सेट पर शूटिंग कर रही होती थी और रेखा पास के ही दूसरे सेट पर काम कर रही होती थीं। वह अक्सर मेरे मेकअप रूम में आ जाया करती थीं। वहां मशहूर मेकअप आर्टिस्ट दीनू एंडुलकर मेरा मेकअप कर रहे होते थे। वह बेहद हुनरमंद कलाकार थे और उन्होंने एक ब्रिटिश मेकअप एक्सपर्ट से ट्रेनिंग ली थी।'
सायरा ने आगे लिखा, 'रेखा सोफे पर बैठकर उन्हें मेरी आंखों का मेकअप करते हुए देखा करती थीं। वह मुझसे कहती थीं, 'सायरा जी, दीनू जिस तरह आपकी आंखों का मेकअप करते हैं, मैं भी बिल्कुल वैसा ही करना चाहती हूं।' आज भी मुझे वह पल अच्छी तरह याद है, जब रेखा वहां बैठकर मेकअप की हर छोटी-छोटी बात को बड़े ध्यान से देखा करती थीं।'
ये भी पढ़ें- सायरा बानो: 'इससे बड़ा क्या अवॉर्ड...', अभिनेत्री ने सुनाया नाना और दिलीप कुमार का भावुक किस्सा; कही ये बात
सायरा बानो ने अपने नोट में आगे लिखा, 'रेखा हमेशा मेरी प्यारी मां की बहुत तारीफ करती थीं। उन्हें मेरी मां का खूबसूरत चेहरा और उनका शालीन अंदाज बहुत पसंद था। मेरे दिल को हमेशा यह बात छूती रही कि रेखा सिर्फ मेरी मां की खूबसूरती की ही तारीफ नहीं करती थीं, बल्कि उनके व्यक्तित्व, उनके रहन-सहन और उनके व्यवहार को भी पसंद करती थीं। और मुझे यह भी कहना है, मेरी प्यारी रेखा, कि आपके लिए मेरे दिल में भी हमेशा उतनी ही सच्ची प्रशंसा और प्यार रहा है।'
देखें सायरा की पोस्ट-