फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Tiger Shroff Firing News Live: टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग, बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी; हिरासत में एक संदिग्ध

Sun, 18 Oct 2026 11:04 PM IST
ज्योति राघव एंटरटेनमेंट डेस्क, अमर उजाला

खास बातें

Firing Incident On Tiger Shroff News: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी हुई है। हालांकि, अभिनेता सुरक्षित हैं। उन्हें चोट नहीं लगी है। मुंबई पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
विज्ञापन
टाइगर श्रॉफ - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:03 PM, 18-Oct-2026
अभिनेता की कार पर हमले का वीडियो वायरल - फोटो : अमर उजाला

हमले का वीडियो वायरल, पुलिस कर रही जांच

टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हमले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मुंबई पुलिस इसकी जांच कर रही है। 

10:57 PM, 18-Oct-2026

जीशान जियाउद्दीन सिद्दीकी बोले- 'सख्त कदम उठाने चाहिए'

दिवंगत नेता और पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी के बेटे एनसीपी एमएलसी जीशान जियाउद्दीन सिद्दीकी ने टाइगर पर गोलीबारी मामले पर कहा, 'चाहे वह बिश्नोई गैंग हो या कोई और, जिसमें अनमोल बिश्नोई भी शामिल है। हमने हर मुमकिन कोशिश की है। मैंने और मेरे परिवार ने US सरकार से अनमोल बिश्नोई को भारत वापस लाने में मदद करने की अपील की है। इसके बावजूद, मुंबई पुलिस को उससे पूछताछ करने का मौका भी नहीं मिला है। जहां तक लॉरेंस बिश्नोई की बात है, मेरा मानना है कि वह अभी गुजरात की जेल में है। हम उससे भी पूछताछ की पूरी तरह से वकालत करते हैं। अगर ऐसे दावे हैं कि वह मेरे पिता की हत्या में शामिल था, तो यह पता लगाना बहुत जरूरी है कि मास्टरमाइंड कौन था'? 

जीशान जियाउद्दीन सिद्दीकी ने आगे कहा है, 'अगर मुंबई में एक्टर, नेता और बिजनेसमैन सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता कैसे सुरक्षित हो सकती है? मुझे पिछले दो महीनों में चार धमकियां मिली हैं। फिर भी मेरी सिक्योरिटी नहीं बढ़ाई गई है। क्या सरकार सिक्योरिटी बढ़ाने पर विचार करने से पहले जीशान सिद्दीकी को गोली लगने का इंतजार कर रही है? यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार को सबसे सख्त कदम उठाने चाहिए'।
 

10:44 PM, 18-Oct-2026

अस्पताल पहुंची कृष्णा श्रॉफ

भाई टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी की घटना की जानकारी मिलते ही बहन कृष्णा श्रॉफ तुरंत भाई का हालचाल जानने हॉस्पिटल पहुंचीं। इसके अलावा गोलीबारी की घटना के समय मौजूद एक चश्मदीद सलमा शेख ने अपना अनुभव शेयर किया है।
 

 

विज्ञापन
10:00 PM, 18-Oct-2026

मुख्यमंत्री फडणवीस ने की टाइगर से बात

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने टाइगर श्रॉफ से बात की है। मुख्यमंत्री ने मुंबई पुलिस चीफ से एक्टर के हमलावरों को जल्द पकड़ने को कहा है।

09:52 PM, 18-Oct-2026

पूर्व DGP विक्रम सिंह बोले- 'चिंताजनक'

पूर्व DGP विक्रम सिंह ने कहा, 'यह एक गंभीर और चौंकाने वाली घटना है। खबर है कि बिश्नोई गैंग ने हमले की जिम्मेदारी ली है। इस घटना के सिलसिले में उसका नाम सामने आना खास तौर पर चिंता की बात है। यह जरूरी है कि सरकार, प्रशासन और पुलिस इस पर असरदार कार्रवाई करें'।
 

विज्ञापन
09:51 PM, 18-Oct-2026

पीयूष गोयल बोले- 'दुर्भाग्यपूर्ण है'

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, 'यह बहुत दुखद घटना है। मुझे विश्वास है कि पुलिस जल्द से जल्द जरूरी कार्रवाई करेगी और आरोपियों को गिरफ्तार करेगी'।
 

09:49 PM, 18-Oct-2026

एक्टर राज प्रेमी ने जताई चिंता

टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग मामले में एक्टर राज प्रेमी ने कहा, 'मुझे इस बारे में पता नहीं था। वह बहुत अच्छे इंसान हैं। मैंने उनके पिता जैकी श्रॉफ के साथ काम किया है'।
 

09:46 PM, 18-Oct-2026

क्या बोले उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे?

महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, 'टाइगर श्रॉफ की गाड़ी को टारगेट किया गया। यह घटना बहुत चिंता की बात है और निंदनीय है। मैं इसकी कड़ी निंदा करता हूं। मैंने पुलिस कमिश्नर से बात की है और टाइगर श्रॉफ से भी बात की है। मुंबई पुलिस कमिश्नर ने गोली चलाने वालों को ट्रैक करने के लिए कई टीमें बनाई हैं। उन्हें पकड़ा जाएगा और उनकी ही भाषा में जवाब दिया जाएगा'।
 

09:43 PM, 18-Oct-2026

हिरासत लिया गया एक संदिग्ध, टाइगर श्रॉफ से की गई पूछताछ

पुलिस की टीमें कुर्ला, बांद्रा, दादर और कल्याण रेलवे स्टेशनों सहित मुख्य ट्रांजिट हब पर तलाशी ले रही हैं। एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है और जांचकर्ता उससे पूछताछ कर रहे हैं। संदिग्धों की पहचान करने के लिए CCTV फुटेज और टेक्निकल सर्विलांस की जांच की जा रही है। खबर है कि जांचकर्ताओं ने क्राइम सीन पर संदिग्ध की मौजूदगी का पता लगाने के लिए कपड़ों की डिटेल्स का मिलान किया। एंटी-एक्सटॉर्शन सेल के सीनियर अधिकारी घायल पीड़ितों से पूछताछ करने और उनके बयान दर्ज करने के लिए अस्पताल गए। पुलिस सूत्रों ने कहा कि घटनाओं का क्रम पता लगाने के लिए टाइगर श्रॉफ से भी थोड़ी देर पूछताछ की गई। बाकी संदिग्धों की पहचान करने और उनका पता लगाने के लिए जांच चल रही है।

09:23 PM, 18-Oct-2026

सीमा मलिक ने कहा, 'यह स्थिति चिंताजनक है'

एनसीपी-एसपी नेता सीमा मलिक ने कहा, 'मुझे हैरानी होती है कि खासतौर पर एक्टर्स को ही क्यों टारगेट किया जा रहा है? हमने ऐसी घटनाएं पहले भी देखी हैं। सोचिए सलमान खान या सैफ अली खान के साथ क्या हुआ? फिर बाबा सिद्दीकी, जो एक बहुत बड़े लीडर थे। उन्हें दिनदहाड़े गोली मार दी गई। यह सच में चौंकाने वाला है। रोहित शेट्टी के घर पर हमला जैसी और भी घटनाएं हुई हैं। यह चिंताजनक है। अगर ऐसी घटनाएं खुलेआम हो सकती हैं तो यह मुंबई में लॉ एंड ऑर्डर की हालत पर गंभीर सवाल खड़े करता है'।
 

09:20 PM, 18-Oct-2026

सांसद वर्षा गायकवाड़ बोलीं- 'आम आदमी क्या उम्मीद करे'?

कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड़ ने मामले पर कहा, 'इससे एक बार फिर मुंबई में सिक्योरिटी, लॉ और ऑर्डर की बिगड़ती हालत पर गंभीर सवाल उठते हैं। हमने पहले सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी देखी है। दुख की बात है कि बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। रोहित शेट्टी के घर के बाहर भी गोलियां चलाई गईं। अगर नेता और एक्टर जैसे बड़े लोग भी यहां सुरक्षित नहीं हैं, तो आम आदमी के लिए क्या उम्मीद है? यह हमें फिर से इस बात पर लाता है कि मुख्यमंत्री के पास बहुत सारे पोर्टफोलियो हैं और उन पर बहुत ज्यादा काम का बोझ है। महाराष्ट्र को एक समर्पित, स्वतंत्र होम मिनिस्टर की जरूरत है। मैं कहती हूं कि पुलिस को उनकी आजादी दो। उन्हें अपना काम करने दो'। 

09:15 PM, 18-Oct-2026

AIMIM लीडर वारिस पठान ने जताई चिंता

गोलीबारी मामले पर AIMIM नेता वारिस पठान ने कहा, 'यह बहुत सीरियस मामला है। हमें अभी खबर मिली है कि मुंबई में रविवार को जुहू जैसी जगह पर, कुछ गुंडे आए और एक्टर टाइगर श्रॉफ पर गोलियां चला दीं। मुंबई को क्या हो गया है? क्या ये लोग मुंबई को 90 के दशक में वापस ले जाना चाहते हैं? जब सलमान खान पर हमला हुआ था, तो रोहित शेट्टी के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ था। मुंबई पुलिस क्या कर रही है? हम चाहते हैं कि मुंबई पुलिस इसे विजिलेंस से रोके। यह बहुत सीरियस मामला है। पुलिस को तुरंत इस केस की जांच करनी चाहिए, जो भी दोषी हो उसके खिलाफ एक्शन लेना चाहिए'।
 

09:10 PM, 18-Oct-2026

गोलीबारी में टाइगर के ड्राइवर घायल

फोरेंसिक टीम ने उस जगह से सबूत इकट्ठा किए, जहां एक्टर टाइगर श्रॉफ के साथ फायरिंग की घटना हुई थी। मुंबई पुलिस के मुताबिक, वह सुरक्षित हैं और उन्हें कोई गोली नहीं लगी है। मुंबई पुलिस के मुताबिक, घटना की जांच के लिए कुल 15 टीमें बनाई हैं। फायरिंग में दो लोग घायल हुए, जिनमें से एक टाइगर श्रॉफ का ड्राइवर फिरदौस हैं। उनके बाएं हाथ में गोली लगी है।
 

08:56 PM, 18-Oct-2026
सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू - फोटो : अमर उजाला

सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू

आरोपियों का पता लगाने के लिए पुलिस की कई टीमें तैनात की गई हैं। हमलावरों की पहचान करने और उनके फरार होने का रास्ता पता लगाने के लिए अधिकारियों ने आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मुंबई पुलिस के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ सुरक्षित हैं और गोलीबारी के पीछे का सटीक मकसद अभी तक पता नहीं चल पाया है।

08:53 PM, 18-Oct-2026
जांच में जुटी पुलिस - फोटो : अमर उजाला

मामले की जांच के लिए 15 टीमें गठित

डीसीपी मोहित गर्ग ने कहा, 'यह घटना उस समय हुई, जब टाइगर श्रॉफ अपनी कार से लौट रहे थे। उन्हें कोई गोली नहीं लगी है। वे पूरी तरह सुरक्षित हैं। मुंबई पुलिस ने कई टीमें गठित की हैं और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने शुरुआती जांच शुरू कर दी है। फिलहाल करीब 15 टीमें इस मामले पर काम कर रही हैं। जैसे-जैसे और जानकारी सामने आएगी, उसे साझा किया जाएगा। जैसा कि मैंने बताया, फॉरेंसिक टीम जांच कर रही है। इस समय कितनी राउंड गोलियां चलाई गईं, इस बारे में विशेष जानकारी देना उचित नहीं होगा'।

08:45 PM, 18-Oct-2026

नानावटी अस्पताल में एडमिट टाइगर

गोलीबारी की घटना के बाद टाइगर श्रॉफ मुंबई के नानावटी अस्पताल में भर्ती हैं। वे सुरक्षित हैं। वे सिर्फ चेकअप के लिए गए हैं।

08:43 PM, 18-Oct-2026

घटना पर जैकी श्रॉफ की टीम ने क्या कहा?

टाइगर श्रॉफ के पिता और एक्टर जैकी श्रॉफ की टीम ने कन्फर्म किया कि शूटिंग की घटना के बाद टाइगर श्रॉफ ठीक हैं और सुरक्षित हैं। रविवार को मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ के साथ हुई शूटिंग की घटना की खबरों के बाद जैकी श्रॉफ की टीम एक्टर का हालचाल जानने पहुंची। पूछताछ के जवाब में जैकी की टीम ने भरोसा दिलाया कि एक्टर सुरक्षित हैं और कहा, 'टाइगर ठीक हैं। बहुत-बहुत धन्यवाद'।

08:40 PM, 18-Oct-2026

मुख्यमंत्री फडणवीस ने ली घटना की जानकारी 

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई पुलिस आयुक्त को फोन कर अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी की घटना की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस आयुक्त को तत्काल तेजी से जांच करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
 

08:39 PM, 18-Oct-2026
गोलीबारी का एरिया सील किया गया - फोटो : अमर उजाला

पुलिस ने एरिया किया सील

पुष्पा पार्क में जहां फायरिंग हुई, वहां से 300-400 मीटर दूरी पर रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग हुई थी। पुलिस ने एरिया सील करके रास्ता बंद कर लिया है। बता दें कि पुष्पा पार्क जुहू पुलिस स्टेशन के नजदीक है। 

08:37 PM, 18-Oct-2026

टाइगर ने खुद दो लोगों को अस्पताल पहुंचाया

गोलीबारी की घटना के बाद टाइगर श्रॉफ ने खुद गाड़ी चलाकर दो लोगों को अस्पताल पहुंचाया। फुटबॉल मैच खेलकर घर लौटते समय गोलीबारी की यह घटना हुई। टाइगर श्रॉफ फुटबॉल मैच खेलकर लौट रहे थे। मैदान के बाहर ही गोलीबारी हुई। एक्टर की गाड़ी पर सात गोलियां चलाए जाने की जानकारी सामने आई है।
 

08:32 PM, 18-Oct-2026
फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची - फोटो : अमर उजाला

फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची

पुलिस ने घटनास्थल पर बैरिकेडिंग की है। फॉरेंसिक टीम की तीन गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं हैं। टीम आसपास से सबूत जुटा रही है। जांच के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली की जाएंगी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

08:31 PM, 18-Oct-2026

कितने बजे हुई गोलीबारी की घटना?

गोलीबारी की घटना के बाद पुलिस और जुहू पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का मुआयना किया गया और जरूरी सबूत जुटाने का काम शुरू किया गया। जहां गोलीबारी हुई, उसके सामने ही एक क्लब है। गोलीबारी की घटना आज रविवार शाम करीब साढ़े सात बजे हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एक के बाद एक दो गोलियां चलाई गईं। कुल सात राउंड फायरिंग किए जाने की बात भी सामने आई है।

08:27 PM, 18-Oct-2026

टाइगर की बहन कृष्णा श्रॉफ ने क्या कहा?

अमर उजाला ने गोलीबारी की घटना के संबंध में जब टाइगर की बहन कृष्णा श्रॉफ से संपर्क किया तो वे सुनकर चौंक गईं। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी।

08:26 PM, 18-Oct-2026

मुंबई पुलिस ने क्या कहा?

समााचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, मुंबई पुलिस ने कहा है, गोलीबारी की घटना की खबर है। हालांकि, टाइगर श्रॉफ सुरक्षित हैं। उन्हें गोली लगने से कोई चोट नहीं आई है। आगे की जांच चल रही है'।
 

08:22 PM, 18-Oct-2026

सलमान खान के नाम का जिक्र किया

पोस्ट में लिखा है, 'जो भी मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में हमारी बात नहीं सुनेगा या सलमान खान के साथ काम करेगा, अगला नंबर उसका होगा। इतंजार करिए और देखिए'। 

08:22 PM, 18-Oct-2026

गोलीबारी के पीछे बिश्नोई गैंग ?

अभिनेता पर हमले की जिम्मेदारी अनिल पंडित और हरमन संधू ने ली है। हां दोनों बिश्नोई गैंग से जुड़े हुए हैं। अनिल पंडित नाम के सोशल मीडिया अकाउंट से पोस्ट साझा किया गया है। इसमें लिखा है, 'जय महाकाल...., जय श्री राम। राम राम सभी भाइयों को जो आज ये टाइगर श्रॉफ का काम हुआ है। इसकी जिम्मेदारी में अनिल पंडित और हरमन संधू लेते है। इसको हमने कॉल करके समझाया था पर इसको समझ नहीं आया, इसलिए आज इसको बढ़िया तरह ही समझा दिया'। 

08:15 PM, 18-Oct-2026

Tiger Shroff Firing News Live: टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग, बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी; हिरासत में एक संदिग्ध

अभिनेता टाइगर श्रॉफ को लेकर चिंताजनक खबर है। मुंबई के जुहू में उन पर गोलीबारी की घटना सामने आई है। तीन अज्ञात हमलावर दुपहिया वाहन पर सवार होकर आए थे और उन्होंने अचानक गोलियां चलाना शुरू कर दी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें