न्यूयॉर्क हादसा: 'दर्द बयां करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं', तीन मंजिला इमारत गिरने पर क्या बोले मेयर ममदानी?
अमेरिका के न्यूयॉर्क में तीन मंजिला इमारत ढहने से आठ लोगों की मौत हो गई और कम से कम 17 घायल हुए हैं। हादसे में तीन दमकलकर्मी भी घायल हुए। मेयर जोहरान ममदानी ने कहा कि इस दुख को बयां करने के लिए उनके पास शब्द नहीं हैं। आखिर इमारत अचानक कैसे ढही? मलबे से गर्भवती महिला को कैसे बचाया गया? क्या अब भी लोग फंसे हैं? आइए, पूरे मामले को विस्तार से समझते हैं...
विस्तार
अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में तीन मंजिला इमारत गिरने से बड़ा हादसा हो गया। बुधवार को ब्रुकलिन इलाके में हुई इस घटना में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि कम से कम 17 लोग घायल हुए हैं। घायलों में तीन दमकलकर्मी भी शामिल हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई। मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका को देखते हुए बचाव अभियान चलाया गया। न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने इस घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि आठ लोगों की मौत के बाद उनके पास इस दुख को बयां करने के लिए शब्द नहीं हैं।
- न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने पुष्टि की कि आठ न्यूयॉर्कवासियों की मौत से उनका दिल टूट गया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट में लिखा, बचावकर्मी कल हुई इमारत ढहने की घटना वाली जगह पर पूरी रात तलाश करते रहे। वे बेहद खतरनाक हालात में काम कर रहे थे। उनका मकसद मलबे में फंसे किसी भी व्यक्ति को ढूंढना और बचाना था।
- उन्होंने कहा, आठ न्यूयॉर्कवासियों की जान जा चुकी है। कम से कम 17 लोग घायल हुए हैं। इनमें तीन दमकलकर्मी भी शामिल हैं। इस तरह के बड़े नुकसान के लिए कोई शब्द नहीं हैं। जिन लोगों ने अपनी जान गंवाई, उनके परिवारों और प्रियजनों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। घायलों और आज दुख झेल रहे सभी लोगों के साथ भी मेरी संवेदनाएं हैं। बचाव अभियान अभी जारी है।
- ममदानी ने कहा, कृपया घटनास्थल से दूर रहें। प्रभावित लोगों और अपनी जान जोखिम में डालकर बचाव कार्य कर रहे कर्मचारियों को अपनी दुआओं में याद रखें। अगर आप किसी ऐसे व्यक्ति से संपर्क नहीं कर पा रहे हैं, जिसके इस हादसे से प्रभावित होने की आशंका है, तो 311 पर कॉल करें। अगर आप न्यूयॉर्क शहर से बाहर हैं, तो 212-639-9675 पर फोन करें।
चश्मदीदों ने क्या बताया?
- चश्मदीद इमैनुएला कैरिलस ने न्यूयॉर्क टाइम्स को बताया, मैं सचमुच इस इमारत के ठीक पीछे रहती हूं। ऐसा लगा जैसे कोई बड़ा धमाका हुआ हो। इसके बाद बहुत सारे लोगों के चीखने की आवाज सुनाई दी।
- एक अन्य चश्मदीद ने अपनी पहचान सिर्फ डैशिक बताई। उन्होंने स्थानीय टीवी चैनल से बातचीत में कहा, मैंने ऐसा कुछ पहले कभी नहीं देखा।
- हादसे के बाद मलबे से एक महिला को बचाया गया। महिला को मलबे से निकालते हुए कैमरे में भी रिकॉर्ड किया गया था। उसके पति ने सीबीएस न्यूज से कहा, वह जिंदा है। वह अभी भी जिंदा है। मैं बहुत खुश हूं। मैं बहुत खुश हूं। मैं बहुत खुश हूं। आप सभी का धन्यवाद। वह छह महीने की गर्भवती है।
क्या इमारत गिरने की वजह का पता चल पाया है?
फिलहाल इमारत गिरने के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन ने यह पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है कि तीन मंजिला इमारत अचानक किस वजह से ढही। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि इसके पीछे इमारत की संरचना से जुड़ी कोई समस्या थी या कोई दूसरी वजह। जांच के जरिए हादसे से जुड़े हालात और संभावित कारणों का पता लगाया जाएगा।