जयपुर ग्रामीण के जोबनेर थाना क्षेत्र के खेजड़ावास गांव में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के 24 घंटे बाद भी मृतका के पीहर पक्ष ने शव लेने से इनकार कर दिया है। परिजनों का आरोप है कि विवाहिता की दहेज के लिए हत्या की गई है। पीहर पक्ष की स्पष्ट मांग है कि जब तक मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक वे शव स्वीकार नहीं करेंगे। शव जोबनेर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की मोर्चरी में रखा हुआ है और अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।
तीन साल पहले हुई थी शादी, संदिग्ध हालात में मौत
जानकारी के अनुसार, खेजड़ावास गांव निवासी संजू कुमावत का विवाह करीब तीन वर्ष पहले हुआ था। विवाह के बाद उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पीहर पक्ष की शिकायत के आधार पर पति, ससुर समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस प्रशासन की ओर से मृतका के शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद पीहर पक्ष शव लेने के लिए तैयार नहीं है। परिजनों की प्रमुख मांग है कि दहेज हत्या के मामले में नामजद आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए।
पुलिस अधिकारियों ने कई बार की समझाइश
मामले की गंभीरता को देखते हुए जोबनेर डीएसपी पन्नालाल जांगिड़, थाना अधिकारी और एसएचओ मोतीलाल शर्मा ने पीहर पक्ष के लोगों से कई बार बातचीत कर समझाइश का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से शव लेने और आगे की कानूनी प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की, लेकिन पीहर पक्ष अपनी मांग पर अड़ा हुआ है।
जोबनेर सीएचसी में तनावपूर्ण माहौल
सोमवार सुबह से ही पीहर पक्ष के लोग जोबनेर सीएचसी परिसर में मौजूद हैं। शव अस्पताल में रखे होने और परिजनों के विरोध के चलते अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। पुलिस प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और परिजनों को समझाने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
एसडीएम कर रहे मामले की जांच
वहीं, पूरे मामले की जांच जोबनेर एसडीएम रमेश कुमार द्वारा की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दर्ज शिकायत और अब तक सामने आए तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मृतका का शव जोबनेर सीएचसी की मोर्चरी में रखा हुआ है। पीहर पक्ष नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी और उचित कार्रवाई की मांग पर कायम है। वहीं पुलिस और प्रशासन की ओर से परिजनों से बातचीत कर मामले को सुलझाने के प्रयास लगातार जारी हैं।