कोतवाली थाना क्षेत्र के डिंडौरी नाका इलाके में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद मारपीट और चाकूबाजी की घटना में पंकज ब्रम्हे नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके पेट में चाकू लगने के बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जबलपुर मेडिकल कॉलेज रैफर किया गया। घटना के दौरान अन्य लोगों के साथ भी मारपीट किए जाने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायल और चश्मदीद हिमांशु भारतीय के मुताबिक वे मंदिर में थे, इसी दौरान उन्हें परिवार के एक युवक के साथ मारपीट की जानकारी मिली। इसके बाद वे बातचीत करने के लिए पुराने डिंडौरी नाका पहुंचे, जहां विवाद के दौरान आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया। हिमांशु ने बताया कि हमले में उसके सिर और पैर में भी चोट आई है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना में शामिल तीन संदिग्ध आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
एसडीओपी पुलिस पीयूष मिश्रा ने बताया कि डिंडौरी रोड पड़ाव के पास तीन युवकों का पीछे से आए तीन अन्य युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद के दौरान पंकज ब्रम्हे पर चाकू से वार किया गया, जो उसके पेट में लगा। अन्य लोगों के साथ भी मारपीट हुई है।
ये भी पढ़ें: इंदौर: 19 साल की छात्रा की संदिग्ध मौत, पोस्टमार्टम में हार्ट पर नुकीली चीज से वार का खुलासा
एसडीओपी के अनुसार घायल पंकज को जबलपुर रैफर किया गया है। अन्य घायल व्यक्ति फिलहाल स्वस्थ है और एफआईआर दर्ज कराने के लिए पुलिस के संपर्क में है। घटना के कारण का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी पक्षों से पूछताछ कर पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने तीन आरोपियों की पहचान किए जाने की बात कही है और उनकी जल्द गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है। मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।