सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम कटौद में सब्जी बाड़ी के चारों ओर लगाए गए जीआई तार में अवैध रूप से विद्युत करंट प्रवाहित करने का मामला सामने आया है। करंट की चपेट में आने से 60 वर्षीय रोहित कुमार बरेठ की मौके पर ही मौत हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपी चंद्रशेखर चंद्रा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को सुबह करीब 9:30 बजे रोहित कुमार बरेठ मवेशी चराते हुए ग्राम कटौद में आरोपी चंद्रशेखर चंद्रा की सब्जी बाड़ी के पास पहुंचे थे। मवेशियों को वहां से हटाने के दौरान वह सब्जी बाड़ी के चारों ओर लगाए गए जीआई तार के संपर्क में आ गए। तार में विद्युत करंट प्रवाहित होने के कारण रोहित उसकी चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही डभरा पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी करंट लगने से मौत की पुष्टि हुई।
जांच के दौरान पुलिस के अनुसार, विद्युत पोल से अवैध रूप से एलटी तार खींचकर सब्जी बाड़ी के चारों ओर लगाए गए जीआई तार में करंट प्रवाहित किया जा रहा था। पुलिस ने मामले की विवेचना के दौरान आरोपी के खिलाफ अपराध पाए जाने पर प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी चंद्रशेखर चंद्रा (60 वर्ष), निवासी कटौद ने सब्जी बाड़ी के तार में विद्युत करंट प्रवाहित किए जाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 नग सिल्वर रंग के तार, करीब 100 मीटर तथा 2 नग लोहे की नंगी जीआई तार, करीब 150 मीटर जब्त किए हैं।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।