सीवर में साजिश: अखिलेश यादव को बनारस की कम जानकारी, उनका सूचना तंत्र है कमजोर; मेयर अशोक का पलटवार
अखिलेश यादव के जलभराव संबंधी पोस्ट पर महापौर अशोक तिवारी ने पलटवार किया। उन्होंने काशी को बदनाम करने के अभियान पर सवाल उठाते हुए नई सड़क, बेनियाबाग, शिवाला और दुर्गाकुंड में सीवर से बोरी व मलबा मिलने को साजिश बताया। महापौर ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज से जिम्मेदारों की पहचान कराई जाएगी। जांच के बाद कार्रवाई होगी।
विस्तार
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के सोशल मीडिया पोस्ट के बाद मेयर अशोक तिवारी ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को बनारस की कम जानकारी है या उनका सूचना तंत्र कमजोर है। मेयर ने दावा किया कि सोशल मीडिया पर सामने आई कई शिकायतों की मौके पर जांच कराई गई तो कुछ जगह सीवर में बोरी, मलबा और अन्य सामग्री डालकर जलनिकासी बाधित किए जाने की बात सामने आई।
उन्होंने कहा कि सीसीटीवी से यह पता लगाया जा सकता है कि सीवर में बोरी किसने और कब डाली। जिम्मेदारों की पहचान जांच पूरी होने के बाद होगी। अखिलेश यादव ने काशी में जलभराव और गलियों में पानी भरने को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर सवाल उठाए थे। इसके बाद मेयर अशोक तिवारी ने रविवार को इस पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पिछले करीब एक सप्ताह से काशी के जलभराव को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार अभियान चल रहा है। जहां-जहां वीडियो और शिकायतें सामने आईं, वहां अधिकारियों को भेजकर मौके की जांच कराई गई।
मेयर के अनुसार नई सड़क, बेनियाबाग, शिवाला, दुर्गाकुंड समेत कई इलाकों में सीवर और नालों की स्थिति की जांच की गई। उन्होंने दावा किया कि कुछ जगह सीवर को कूड़े-करकट और अन्य सामग्री से बाधित किया गया था। कहीं सीवर में बोरी डाली गई तो कहीं प्लाई डालकर सीवर को ढक दिया गया।
नवेद कॉम्प्लेक्स का भी किया जिक्र : मेयर ने नवेद कॉम्प्लेक्स का उल्लेख करते हुए इसे अवैध निर्माण बताया। उनका कहना है कि इसके नीचे से बड़ा नाला गुजरता है और उसके ऊपर निर्माण किया गया है। नालों और सीवर की स्थिति की जांच कराई जा रही है, ताकि जलभराव के वास्तविक कारण सामने आ सकें। मेयर ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें बिना सही जानकारी के सोशल मीडिया पर वीडियो साझा नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह के छोटे राजनीतिक मामलों से बचना चाहिए। और ऐसा कोई तरीका नहीं अपनाना चाहिए जिससे काशी की बदनामी हो।
सीवर-नालों की सफाई नहीं हुई तो सड़क पर उतरे लोग
विश्वकर्मा नगर, कंदवा और तारानगर कॉलोनी में सीवर और जलभराव की समस्या से परेशान लोग सड़क पर उतर आए। प्रदर्शन करके नाराजगी जताई। चितईपुर थाना क्षेत्र के विश्वकर्मा नगर में लंबे समय से खुले नालों और सीवर की समस्या से परेशान लोगों ने रविवार को पैदल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। कंदवा वार्ड में चितईपुर-कंदवा मार्ग पर नाला और सीवर लाइन जाम होने से पंचकोशी मार्ग पर मलजल बह रहा है। इसके विरोध में स्थानीय सपा नेता सचिन प्रजापति के नेतृत्व में लोगों ने प्रदर्शन किया। छित्तूपुर वार्ड की तारानगर कॉलोनी में भी बारिश का पानी लोगों के लिए परेशानी बना हुआ है।
सीवर लाइन में बालू की बोरियां मिलने पर मंत्री नाराज, कहा- कार्रवाई करें
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने रविवार को सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि जलनिकासी के रास्ते में बालू और गिट्टी की बोरियां या अन्य सामग्री डालकर जलभराव बढ़ाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें। उन्होंने अधिकारियों को जलनिकासी मार्गों की लगातार निगरानी करने और अवरोध मिलते ही तत्काल हटाने के निर्देश दिए। अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने और लापरवाही पर बर्दाश्त नहीं करने की चेतावनी दी।
मंत्री ने कहा कि जनहित से जुड़े काम में किसी तरह की ढिलाई न हो और लोगों को परेशानी से बचाने के लिए अधिकारी संवेदनशीलता, तत्परता से काम करें। बैठक में बिजली व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के अधिकारियों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जर्जर और लटके हुए बिजली के तारों को तत्काल दुरुस्त करने के साथ विद्युत सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा।
सिटी कमांड सेंटर और भेलूपुर थाने की टीम खंगाल रही सीसी कैमरे
सीवर लाइन में बालू भरी बोरी, पत्थर और लकड़ी डालकर नगर निगम की छवि धूमिल करने मामले में दर्ज प्राथमिकी की जांच शुरू हो चुकी है। रविवार को भेलूपुर पुलिस और सिटी कमांड सेंटर की टीम ने सीसी कैमरों को खंगाला। हालांकि अभी तक टीम को कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिल सका है। पुलिस के अनुसार सीसी कैमरों को खंगालने का क्रम जारी है। यह बताना मुश्किल है कि यह बोरियां कब सीवर लाइन में डाली गईं।
एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार के नेतृत्व में इस पूरे प्रकरण की जांच हो रही है। उच्चाधिकारियों ने भी इस मामले में भेलूपुर पुलिस से पूरी विस्तृत जानकारी ली। डीसीपी काशी गौरव बंशवाल, एडीसीपी काशी जोन वैभव बांगर ने जांच टीम को विशेष दिशा निर्देश दिए। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि इस पूरे प्रकरण की जांच हो रही है। सिटी कमांड सेंटर और शिवाला वार्ड के प्रतिष्ठानों के सीसी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं।