श्रद्धा दुबे की तलाश: लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की मौत मामले में तीन दिन से नेपाल सीमा पर डटी एसओजी
सोनौली से सटे नेपाल के बेलहिया समेत आसपास के क्षेत्रों में भारत और नेपाल के बीच नियमित आवाजाही होती है। ऐसे में सीमा से जुड़े रास्तों और गतिविधियों की पड़ताल को जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
विस्तार
लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में फरार बताई जा रही श्रद्धा दुबे की तलाश में लखनऊ क्राइम ब्रांच और एसओजी की टीम भारत-नेपाल सीमा से सटे इलाकों में लगातार जांच कर रही है। टीम पिछले तीन दिनों से सीमावर्ती क्षेत्र में सक्रिय है। शुक्रवार को भगवानपुर और ठूठीबारी में पड़ताल की गई, जबकि शनिवार को सोनौली और खनुआ बॉर्डर के आसपास जांच किए जाने की चर्चा रही।
श्रद्धा के नेपाल में संभावित ठिकाने की आशंका के बीच जांच टीम सीमावर्ती इलाकों में उसकी आवाजाही से जुड़े सुराग जुटाने में लगी है। हालांकि, उसके नेपाल में मौजूद होने या सीमा पार करने की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
संपर्क मार्गों और पगडंडियों पर भी नजर
भारत-नेपाल सीमा पर मुख्य सड़कों के अलावा ग्रामीण संपर्क मार्गों और पगडंडियों से भी आवाजाही होती है। ऐसे में जांच टीम इन रास्तों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है या नहीं, इसे लेकर क्षेत्र में चर्चा है। सोनौली और खनुआ बॉर्डर के आसपास नेपाल जाने वाले रास्तों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच किए जाने की भी बात सामने आई है।
हालांकि, किन स्थानों के कैमरों की फुटेज देखी गई और जांच के दौरान कोई महत्वपूर्ण सुराग मिला या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच एजेंसियों की ओर से भी अब तक इस संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
सीमावर्ती इलाकों में बढ़ी हलचल
सोनौली से सटे नेपाल के बेलहिया समेत आसपास के क्षेत्रों में भारत और नेपाल के बीच नियमित आवाजाही होती है। ऐसे में सीमा से जुड़े रास्तों और गतिविधियों की पड़ताल को जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एसओजी टीम की लगातार सक्रियता से सोनौली और आसपास के सीमावर्ती गांवों में हलचल बढ़ गई है।
लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में श्रद्धा दुबे की तलाश जारी बताई जा रही है। फिलहाल उसकी वास्तविक लोकेशन और सीमावर्ती क्षेत्र में की गई जांच से मिले संभावित सुरागों के बारे में स्थिति स्पष्ट नहीं है।
इस संबंध में सोनौली कोतवाल विशाल शुक्ला ने बताया कि एसओजी की टीम आई है। जांच की विस्तृत जानकारी और सीसीटीवी फुटेज से जुड़े तथ्यों की पुष्टि संबंधित जांच एजेंसियों के आधिकारिक बयान के बाद ही हो सकेगी।