कानपुर मौसम अपडेट: 29-30 को बारिश के आसार, 31 से साफ होगा आसमान, बढ़ेगी सुबह-रात की ठंड, विभाग का ये है अलर्ट
Kanpur Weather News: कानपुर परिक्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती घेरे के प्रभाव से मौसम में बड़ा बदलाव आने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 29 और 30 अक्तूबर को शहर और आसपास के इलाकों में तेज हवाओं व गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 31 अक्तूबर से मौसम साफ होने लगेगा।
विस्तार
कानपुर में बंगाल की खाड़ी में बने हवाओं के चक्रवाती घेरा रफ्तार पकड़ रहा है। पश्चिमी विक्षोभ और संबंधित मौसमी सिस्टम के प्रभाव से कानपुर परिक्षेत्र का मौसम बदलेगा। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि के मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी किया है कि 29 और 30 अक्तूबर को शहर में बारिश होने के प्रबल आसार हैं।
विवि के मौसम विभाग के नोडल एवं तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा ने बताया कि 28 अक्तूबर की मध्य रात्रि से तेज हवाओं के साथ घने बादल आने की संभावना है। 29 और 30 अक्तूबर को स्थानीय स्तर पर हल्की और मध्यम बारिश हो सकती है। 28 अक्तूबर को दिन में मौसम बिल्कुल साफ और शुष्क रहेगा।
सुबह और रात की ठंड और बढ़ जाएगी
दिन में तेज धूप रहने का अनुमान है। 29 अक्तूबर को आसमान में बादल छाए रहने के कारण शाम या रात तक कुछ इलाकों में गरज के साथ हल्की बौछारें या बूंदाबांदी की संभावना है। 30 अक्तूबर को कानपुर और आसपास के इलाकों में बारिश की संभावना है। 31 अक्तूबर को बारिश का दौर थम जाएगा। आसमान धीरे-धीरे साफ होने लगेगा, लेकिन हवाओं में नमी के कारण सुबह और रात की ठंड और बढ़ जाएगी।