झांसी: मऊरानीपुर में सराफा कारोबारी के छह करोड़ की चोरी का खुलासा, महाराष्ट्र से एक गिरफ्तार; बैग लेकर भागे थे
गुरकीरत सिंह के जेवर और नकदी चोरी मामले में आरोपी अमोल मारुति पिटेकर गिरफ्तार हुआ। पुलिस ने 1.40 लाख रुपये नकद बरामद किया है और 17.06 लाख रुपये के बैंक खाते फ्रीज किए हैं।
विस्तार
झांसी के मऊरानीपुर बस स्टैंड पर अमृतसर के सराफा कारोबारी गुरकीरत सिंह के करोड़ों रुपये के जेवर और नकदी से भरे दो बैग चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मऊरानीपुर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने महाराष्ट्र के अहिल्यानगर से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने पिता और साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने उसके कब्जे से 1.40 लाख रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। वहीं, चोरी की रकम में से अलग-अलग बैंक खातों में जमा 17.06 लाख रुपये फ्रीज कराए हैं।
28 अक्तूबर को अमृतसर निवासी सराफा कारोबारी गुरकीरत सिंह अपने साथी रामेश्वर के साथ छतरपुर से झांसी आ रहे थे। शाम करीब 5:30 बजे मऊरानीपुर बस स्टैंड पर बस रुकने के दौरान यात्रियों की भीड़ का फायदा उठाकर बदमाश उनके दो बैग लेकर फरार हो गए थे। व्यापारी ने बैग में करोड़ों रुपये के जेवर और 15 लाख रुपये नकद होने की बात कही।
एसएसपी विकास कुमार के मुताबिक आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के लिए पहले से योजना बनाई थी। महाराष्ट्र से स्कॉर्पियो लेकर आए आरोपी बस के पीछे लगे रहे। बस में रखे बैग चोरी करने के बाद आरोपी स्कॉर्पियो से छतरपुर की ओर भाग निकले। जांच के दौरान पुलिस को स्कॉर्पियो का नंबर मिला। इसी सुराग के आधार पर पुलिस महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले के कर्जन थाना क्षेत्र तक पहुंची।
यहां से अमोल मारुति पिटेकर (29) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि उसके पिता मारुति राजाराम पिटेकर और अन्य साथियों ने मिलकर चोरी की योजना बनाई थी। चोरी के बाद नकदी अलग-अलग बैंक खातों में जमा कराई गई। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने तीन बैंक खातों में जमा 17.06 लाख रुपये फ्रीज कराए। इसके अलावा 1.40 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस ने मामले में अमोल के अलावा पांच अन्य आरोपियों के नाम भी प्रकाश में आने की बात कही है। इनमें उसके पिता मारुति राजाराम पिटेकर, लक्ष्मण राजाराम पिटेकर, अनंत लक्ष्मण घांडे, सुनील अर्जुन जाधव और लक्ष्मण मारुति जाधव शामिल हैं।