समाधान दिवस: डीएम से बोली महिला- साहब, मैं विकलांग हूं, पति नहीं हैं, बेटी भी दिव्यांग है; दिया प्रार्थना पत्र
संपूर्ण समाधान दिवस में दिव्यांग महिला ने जमीन उपलब्ध कराने की गुहार जिलाधिकारी से लगाई। उसने अपनी समस्या बताते हुए कार्रवाई की मांग की। समाधान दिवस में कुल 189 शिकायतें पहुंचीं, जिनमें नौ का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। अधिकारियों ने अन्य शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शाहगंज तहसील सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इसमें क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। कुल 189 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें से मात्र नौ मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया।
शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए समयबद्ध तरीके से निस्तारण के निर्देश दिए गए। समाधान दिवस में सरपतहां थाना क्षेत्र के बरउद गांव निवासी दिव्यांग महिला उर्मिला ने डीएम से आवास के लिए भूमि उपलब्ध कराने की गुहार लगाई। महिला ने बताया कि वह स्वयं दिव्यांग है। पति का निधन हो चुका है और उसकी बेटी भी दिव्यांग है। परिवार के पास रहने के लिए पर्याप्त जमीन नहीं है। जीवन-यापन का भी कोई मजबूत सहारा नहीं है।
महिला ने डीएम से भावुक होकर कहा, साहब, मैं विकलांग हूं, मेरे पति नहीं हैं और मेरी बेटी भी विकलांग है। रहने और जीवन-यापन के लिए हमारे पास जमीन नहीं है। हमें आवास के लिए जमीन उपलब्ध करा दीजिए। उसने पात्रता के आधार पर आवासीय भूमि उपलब्ध कराने की मांग की। प्रार्थना पत्र के साथ उसने दिव्यांगता प्रमाणपत्र समेत अन्य दस्तावेज भी लगाए।
डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। इस मौके पर सीडीओ ध्रुव खाड़िया, परियोजना निदेशक केके पांडेय, डीडीओ मीनाक्षी देवी, सीएमओ गंगाराम गौतम, डीपीआरओ नवीन सिंह, डीसीएनआरएलएम जितेंद्र सिंह, एसडीएम अंकुर वर्मा, तहसीलदार सौरभ कुमार, क्षेत्राधिकारी गिरेंद्र कुमार सिंह, एसडीओ धर्मेंद्र कुमार आदि रहे।
ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की मांग
जहरूद्दीनपुर खानपुर गांव के प्रियंका, उर्मिला, बेइला देवी, संभूनाथ, शकुंतला, किरन, हुबई, मुमताज, अब्दुल माजिद, बैजंती देवी और अकबर ने बिजली की समस्या को लेकर डीएम को प्रार्थना पत्र दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव का ट्रांसफार्मर आए दिन जल जाता है। इससे बिजली आपूर्ति बाधित होने पर रात में लोगों को अंधेरे में रहना पड़ता है। ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाकर दूसरा ट्रांसफार्मर लगवाने की मांग की।
पति की मौत मामले में कार्रवाई की गुहार
मजडीहां गांव निवासी मृतक चंदन राजभर की पत्नी गुलावती देवी ने डीएम को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। आरोप लगाया कि उसके पति चंदन राजभर के साथ ग्राम प्रधान ने मारपीट की थी। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। महिला का आरोप है कि घटना के बाद भी पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की और न ही कोई कार्रवाई की। उसने मामले की जांच कर मुकदमा दर्ज कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सभासद ने मांगा नाला सफाई और कर्मचारियों का विवरण
भाजपा के नामित सभासद श्यामजी गुप्ता ने भी डीएम को पत्रक सौंपा। उन्होंने बताया कि नगरपालिका बोर्ड की बैठक में धारा 52 और 63 के तहत नाला सफाई और संविदा/आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के कार्य, नियुक्ति स्थल सहित अन्य अपेक्षित विवरण मांगा गया था। आरोप है कि उनके मांगपत्र को मनमाने ढंग से खारिज कर दिया गया।
सभासद ने बताया कि उपजिलाधिकारी के हस्तक्षेप के बाद अधिकारियों ने समयाभाव का हवाला देते हुए अगले कार्य दिवस पर विवरण उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था लेकिन कई बार नगर पालिका जाने के बावजूद अब तक जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई। उन्होंने इसे अपने सभासद अधिकारों का हनन बताते हुए चेतावनी दी कि जल्द विवरण उपलब्ध नहीं कराया गया तो नगरपालिका परिसर में धरना देने के लिए बाध्य होंगे। इसकी जिम्मेदारी नगरपालिका प्रशासन की होगी।
52 प्रार्थना पत्रों ने आठ निस्तारित
बदलापुर तहसील सभागार में शनिवार को एडीएम वित्त एवं राजस्व परमानंद झा की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 53 जरूरतमंदों ने प्रार्थना पत्र दिया। जिसमें से आठ का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। शेष शीघ्र निस्तारण हेतु संबंधित विभाग को सौंप दिया गया। एसडीएम मोहम्मद अमान, तहसीलदार योगेंद्र कुमार पांडेय, तहसीलदार न्यायिक अजीत कुमार नायब तहसीलदार द्वय अभिषेक सिंह व संतोष कुमार मौजूद रहे।
160 में से दो मामलों का हुआ निस्तारण
अपर जिलाधिकारी भू राजस्व अजय कुमार अंबष्ठ की अध्यक्षता में तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। जिसमें विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 160 शिकायती पत्र आए। जिसमें दो शिकायतों का निस्तारण मौके पर किया गया। सीआरओ ने संबंधित विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों को प्रकरण के तत्काल निस्तारण का निर्देश दिया। भूमि संबंधी शिकायतों की अधिकता रही।
मड़ियाहूं में आए 72 मामले
मड़ियाहूं तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन उप जिला अधिकारी अजय कुमार उपाध्याय की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कुल 72 शिकायती प्रार्थना पत्रों में छह का निस्तारण हुआ। शेष शिकायती प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभागों को भेजा गया। तहसीलदार रवि रंजन कश्यप, नायब तहसीलदार शीतला प्रसाद आदि रहे।