बदायूं: संदिग्ध हालात में महिला की मौत, हत्या का आरोप, पोस्टमार्टम हाउस पर भिड़े मायके और ससुराल वाले
बदायूं के सदर कोतवाली क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया। इस पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव ले जाने को लेकर मायके और ससुराल पक्ष के लोग भिड़ गए।
विस्तार
बदायूं के सदर कोतवाली क्षेत्र के पुराना बाजार बड़ी सराय में 30 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार को महिला का शव उसके कमरे में पंखे से फंदे पर लटका मिला। परिजन उसको जिला अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया। मायके पक्ष ने पति और ससुराल पक्ष पर पीटने के बाद फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची ने महिला के शव को पोस्टमॉर्टम कराया।
इस्लामनगर कस्बे के मोहल्ला कुम्हारान निवासी महिला के भाई छुट्टन ने बताया कि उनकी बहन यासमीन की शादी करीब 18 साल पहले सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बड़ी सराय निवासी असलम के साथ हुई थी। उनके दो बेटे हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि बहन के पति असलम शराब पीने और जुआ खेलने का आदी है। वह आए दिन बहन यासमीन के साथ मारपीट कर अतिरिक्त दहेज की भी मांग करता था।
पति का दूसरी महिला से प्रेम प्रसंग
उनका आरोप है कि कई बार समझौता कर रुपये दिए भी गए। 23 अक्तूबर को देवर की शादी के लिए बहन ने पति से रुपये मांगे थे। इस पर उसके साथ मारपीट की। असलम का मोहल्ले की एक महिला से प्रेम-प्रसंग होने और भाई की शादी में भी उसको ले जाने का आरोप लगाया है। यासमीन ने इसका विरोध किया था, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया था। रविवार को किसी बात को लेकर दोबारा कहासुनी हुई। इसके बाद ससुराल पक्ष ने उसको पीटकर फंदे पर लटका दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
शव को अपने साथ ले जाने को दोनों पक्षों में हुई झड़प
पोस्टमॉर्टम हाउस पर महिला के शव का पोस्टमॉर्टम होने के बाद शव को ले जाने के लिए मायके पक्ष और ससुराल पक्ष में झड़प हो गई। मायके पक्ष महिला के शव को अपने साथ ले जाने की जिद पर अड़े थे, वहीं ससुराल पक्ष के लोग भी महिला का शव अपने साथ ले जाने की बात कह रहे थे।