दिवाली से पहले रईस ने बुझा दिया दीया: मेले में खिलौने को लेकर विवाद, रितिक और रोहित पर चाकू से वार; एक की मौत
घायल रितिक दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह के गांव के फुफेरे भाई मुकेश का इकलौता बेटा है। इस वारदात के बाद मेला परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मीना बाजार के दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर भाग निकले।
विस्तार
बदायूं के दातागंज में रामलीला मेला में शनिवार रात करीब आठ बजे मीना बाजार में खिलौने की दुकान पर एक खिलौना खरीदने के दौरान रेट कम करने को लेकर हुई कहासुनी के बाद दुकानदार रईस अहमद के बेटे ने रितिक (उम्र 26 वर्ष) और रोहित (उम्र 20 वर्ष) निवासी ग्राम बेहटा माधौ पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गर्दन और सीने पर वार करने पर रोहित की मौके पर मौत हो गई, जबकि रितिक की हालत गंभीर है। उसे बरेली के निजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
घायल रितिक दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह के गांव के फुफेरे भाई मुकेश का इकलौता बेटा है। इस वारदात के बाद मेला परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मीना बाजार के दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर भाग निकले। कुछ देर में मेला परिसर में सन्नाटा पसर गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दुकानदार रईस अहमद को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी दुकानदार को कड़ी सुरक्षा में कोतवाली पहुंचाया।
विधायक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि उनका गांव बेहटा माधो है। रितिक उनके गांव के फुफेरे भाई मुकेश का बेटा है। पूछने पर मालूम हुआ है कि सवा सात बजे रितिक और रोहित गांव से मेला देखने के लिए आए थे। दोनों अच्छे दोस्त थे। रितिक एसडीएम कार्यालय में आउटसोर्सिंग पर कार्यरत है। इधर, देर रात डीएम अवनीश राय, एसएसपी अंकिता शर्मा, एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह आदि पुलिस अफसरों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मीना बाजार में तैनात नहीं थी पुलिस
रामलीला मेला की मीना बाजार में करीब 80 दुकानें हैं। सबसे ज्यादा भीड़ होने पर भी यहां पर शनिवार देर शाम से पुलिस तैनात नहीं थी। मौके पर दोनों दाेस्तों के खून से लथपथ अवस्था में पड़े होने का जो वीडियो सामने आया है, उससे लग रहा है कि आरोपी दुकानदार का बेटा दोनों दोस्तों पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला करता रहा, इसलिए इतना खून बहा है, लेकिन उन्हें कोई बचाने की हिम्मत किसी ने नहीं की, जबकि मीना बाजार में उस समय भारी भीड़ थी।
एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि दुकानदार से खिलौना के रेट को लेकर हुई कहासुनी में रोहित व रितिक पर हमला हुआ है। रितिक घायल है। उसका बरेली के निजी मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। आरोपी दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया है। उसके बेटे की तलाश की जा रही है। मीना बाजार में पुलिस तैनात थी।