बरेली: मलेरिया का एक और डेंगू के तीन मरीज मिले, बदलते मौसम में बरतें सावधानी
बरेली में बीते 24 घंटे में डेंगू के तीन और मलेरिया का एक मरीज मिला है। जिला अस्पताल में बुखार के मरीजों की जांच के दौरान नए मामले सामने आए। बदलते मौसम में मच्छरों से बचाव और स्वास्थ्य संबंधी सावधानी बरतें।
विस्तार
मौसम में बदलाव के साथ मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ने लगा है। बरेली के जिला अस्पताल के मलेरिया वार्ड में मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। बीते 24 घंटे में जिले में मलेरिया के एक और डेंगू के तीन मरीज मिले हैं।
जिला अस्पताल में बुखार से पीड़ित मरीजों की जांच के दौरान डेंगू और मलेरिया के नए मामले सामने आए हैं। फरीदपुर के बक्सरिया गांव निवासी 16 वर्षीय किशोर को कई दिनों से बुखार आ रहा था। परिजनों ने उसे 16 अक्तूबर की रात में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जांच में वह डेंगू से ग्रसित मिला।
बदायूं के दातागंज की 38 वर्षीय महिला को कई दिनों से तेज बुखार आ रहा था। परिजनों ने उसे 16 अक्तूबर की देर रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जांच में डेंगू की पुष्टि हुई। आंवला के मऊ चंदपुर निवासी बुखार से पीड़ित 16 वर्षीय किशोर को 17 अक्तूबर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसकी जांच में भी डेंगू की पुष्टि होने पर उसे डेंगू वार्ड में शिफ्ट किया गया।
ये हैं लक्षण
सीबीगंज निवासी 38 वर्षीय मरीज की जांच कराई गई। इसमें वह मलेरिया पीएफ से ग्रसित पाया गया। जिला मलेरिया अधिकारी सत्येंद्र सिंह ने बताया कि जिले में डेंगू मरीजों की संख्या अब 15 हो गई है। लोगों से अपील है कि डेंगू और मलेरिया से बचाव के लिए गाइड लाइन का पालन करते रहें। लगातार बुखार, सिरदर्द, बदन दर्द, कमजोरी या कंपकंपी होने पर फौरन जांच कराएं।
आरोग्य मेले में कम रहे मरीज
स्वास्थ्य विभाग के संविदाकर्मियों की हड़ताल खत्म होने से स्वास्थ्य सेवाएं पटरी पर लौटने लगी हैं। स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को आयोजित आरोग्य मेले में नगरीय स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टरों और अन्य संविदा कर्मियों की मौजूदगी रही।
स्वास्थ्य केंद्रों पर कर्मचारी ड्यूटी पर पहुंचे और मरीजों को परामर्श देने की व्यवस्था सुचारु नजर आई। हालांकि, नवरात्र के चलते मरीजों की संख्या अपेक्षाकृत कम रही।
सिविल लाइंस यूपीएचसी पर पूर्वाह्न 11 बजे डॉ. रुपाली मरीज देख रहीं थी। स्टाफ नर्स सिमरन, संविदा पर तैनात फार्मासिस्ट विनीत, एएनएम दीपिका भी ड्यूटी पर मौजूद मिले। डॉ. रूपाली ने बताया कि अब तक 14 मरीज ही आए हैं।
मढ़ीनाथ में मरीजों को मिला परामर्श
मढ़ीनाथ यूपीएचसी पर सुबह 10:20 बजे डॉ. रुचि जौहरी मरीज देखती मिलीं। संविदा पर तैनात फार्मासिस्ट अविनाश त्रिपाठी भी मरीजों को दवाओं का वितरण कर रहे थे
सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने बताया कि सभी स्टाफ को समय पर ड्यूटी पर मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं। मेले की व्यवस्थाएं परखने के लिए अधिकारियों को औचक निरीक्षण करने के भी आदेश दिए हैं।