{"_id":"6a4f03a718997163f505219e","slug":"five-killed-as-ertiga-rams-into-truck-on-bharoula-highway-umaria-news-c-1-1-noi1225-4482240-2026-07-09","type":"story","status":"publish","title_hn":"Umaria News: चित्रकूट जा रहे परिवार की खुशियां हाईवे पर बिखरीं, उमरिया में दर्दनाक सड़क हादसे में चार की मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Umaria News: चित्रकूट जा रहे परिवार की खुशियां हाईवे पर बिखरीं, उमरिया में दर्दनाक सड़क हादसे में चार की मौत
Thu, 09 Jul 2026 08:37 AM IST
उमरिया ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उमरिया
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उमरिया
Published by: उमरिया ब्यूरो
Updated Thu, 09 Jul 2026 08:37 AM IST
सार
उमरिया जिले के भरौला गांव के पास सिद्ध बाबा मंदिर के समीप बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में कार ट्रक से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।
विज्ञापन
उमरिया में हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
जिले में गुरुवार तड़के राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर हुए भीषण सड़क हादसे ने एक पूरे परिवार की खुशियां पलभर में उजाड़ दीं। कोतवाली थाना क्षेत्र की सिविल लाइन चौकी के समीप भरौला स्थित सिद्ध बाबा इलाके में तेज रफ्तार अर्टिगा कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार हादसा गुरुवार तड़के करीब 3 से 4 बजे के बीच हुआ। अर्टिगा कार (एमपी-18 ZE-9677) में सवार सभी लोग अनूपपुर जिले के लीला गांव के निवासी थे और चित्रकूट जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार सीधे सड़क पर खड़े ट्रक से जा भिड़ी।
विज्ञापन
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक शर्मा ने बताया कि हादसे में ग्राम सरपंच कुलपत सिंह (37), उनकी पत्नी एवं मध्य प्रदेश पुलिस में हेड कॉन्स्टेबल सविता सिंह मार्को (32), उनका तीन वर्षीय पुत्र रुद्र प्रताप तथा परिवार की सदस्य प्रियंका सिंह (24) की मौत हो गई। हादसे में प्रियंका की बहन खुशबू मार्को (22) गंभीर रूप से घायल हुई है। जानकारी के मुताबिक खुशबू की चित्रकूट में परीक्षा थी। इसी सिलसिले में पूरा परिवार उसे परीक्षा दिलाने के लिए कार से रवाना हुआ था। लेकिन मंजिल तक पहुंचने से पहले ही रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें- Raja Raghuvanshi Case: SC में सोनम का जवाब - मैं निर्दोष हूं, जमानत रद्द करने की याचिका पर दिया हलफनामा
डॉक्टरों ने लौटाई सांसे
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जाता है कि अस्पताल पहुंचने तक खुशबू की सांसें भी थम चुकी थीं। डॉक्टरों ने तत्काल सीपीआर देकर उसे पुनर्जीवित किया, जिससे उसकी सांसें वापस लौट आईं। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
लोगों ने निकाला
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, सिविल लाइन चौकी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। दुर्घटनाग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया। इस दर्दनाक हादसे की खबर फैलते ही अनूपपुर और उमरिया दोनों जिलों में शोक की लहर दौड़ गई। एक ही परिवार के चार सदस्यों की असमय मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और सड़क किनारे खड़े ट्रक को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है।
