MP: टीकमगढ़ में भाजपा का महामंथन, संगठन की मजबूती से ‘जन विश्वास अभियान’ तक बनी रणनीति
टीकमगढ़ में भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर ने संगठन की मजबूती और आगामी अभियानों की तैयारियों पर चर्चा की। उन्होंने 7 अगस्त से शुरू होने वाले ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026’ को लेकर कार्यकर्ताओं को जनसेवा और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
विस्तार
टीकमगढ़ जिले की प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर ने शुक्रवार को प्रवास के दौरान भारतीय जनता पार्टी के नवीन जिला कार्यालय में आयोजित कोर कमेटी की बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों और प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 को लेकर चर्चा की। बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने और आमजन की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास सरकार की सबसे बड़ी पूंजी है और जनसेवा के माध्यम से इसे और मजबूत किया जाना चाहिए।
सात अगस्त से शुरू होगा ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान’
प्रभारी मंत्री ने बताया कि सात अगस्त से पूरे मध्य प्रदेश में ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 की शुरुआत होगी। अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण, शासकीय योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग, लोक सेवा गारंटी के तहत समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना और प्रशासन को सीधे जनता से जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान अधिकारी लगातार मैदानी क्षेत्रों में रहकर गांवों और शहरों का निरीक्षण करेंगे। साथ ही आम लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनेंगे और मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान प्रशासन का फोकस जनसेवा, पारदर्शिता और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर रहेगा।
ये भी पढ़ें- Ujjain: मोहर्रम के 40वें दिन खून! चाकू से किया चार प्राणघातक वार, 21 साल के जफर की मौत; आरोपी हुआ गिरफ्तार
‘हर घर तिरंगा’ और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर चर्चा
बैठक में आगामी हर घर तिरंगा’ अभियान की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। प्रभारी मंत्री ने बताया कि 13 अगस्त से अभियान शुरू होगा और सभी कार्यकर्ता इसमें बढ़-चढ़कर भाग लें। इसके अलावा 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर व्यापक जनभागीदारी के साथ कार्यक्रम आयोजित करने और इसके लिए कार्यकर्ताओं की टोलियां गठित करने के निर्देश दिए गए।
