यूपी: धनतेरस आज, खरीदारी और पूजन के लिए हैं ये दो शुभ मुहूर्त; 2700 करोड़ के कारोबार की उम्मीद
Puja Muhurat on Dhanteras: धनतेरस पर खरीदारी का पहला शुभ मुहूर्त दोपहर 1:31 से 4:07 बजे और दूसरा शाम 5:45 से 7:42 बजे तक है। व्यापारियों के लिए शाम 5:46 से 7:42 बजे तक प्रतिष्ठान में पूजन करना शुभ रहेगा।
विस्तार
धनतेरस पर शुक्रवार को बाजारों में खरीदारी के साथ भगवान धन्वंतरि, मां लक्ष्मी, गणेश और कुबेर की पूजा की जाएगी। मान्यता है कि इस दिन सोना, चांदी, बर्तन और अन्य नई वस्तुएं खरीदना शुभ होता है। भगवान धन्वंतरि की पूजा से आरोग्यता की कामना की जाती है। महर्षि पाराशर ज्योतिष संस्थान ट्रस्ट के अध्यक्ष ज्योतिषाचार्य पं. राकेश पांडेय ने बताया कि खरीदारी का पहला शुभ मुहूर्त दोपहर 1:31 से 4:07 बजे और दूसरा शाम 5:45 से 7:42 बजे तक है। व्यापारियों के लिए शाम 5:46 से 7:42 बजे तक प्रतिष्ठान में पूजन करना शुभ रहेगा।
धनतेरस पर आज 2700 करोड़ के कारोबार की उम्मीद
धनतेरस पर इस बार बाजार में पिछले साल के मुकाबले 400 करोड़ रुपये ज्यादा धन बरसने की उम्मीद है। आदर्श व्यापार मंडल ने राजधानी में 2700 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान लगाया है। सराफा, वाहन, कपड़ा, इलेक्ट्रानिक, मिठाई और बर्तन बाजार से लेकर पूजा सामग्री और सजावटी सामान तक की दुकानों पर रौनक है। बृहस्पतिवार शाम अमीनाबाद, भूतनाथ, कपूरथला और आलमबाग समेत प्रमुख बाजारों में उमड़ी भीड़ ने कारोबारियों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं। सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट ने भी खरीदारों का उत्साह बढ़ाया है। पिछले साल धनतेरस पर करीब 2300 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ था।
त्योहारी खरीदारी से कपड़ा बाजार भी गुलजार है। साड़ी-सूट के साथ लहंगे की मांग है। जींस, टी-शर्ट, शर्ट और पूजा के लिए कुर्ते भी खरीदे जा रहे हैं। बाजार में उमड़ रही भीड़ से व्यापारी उत्साहित हैं। लखनऊ व्यापार मंडल की भूतनाथ और ट्रांस गोमती इकाई के अध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता के मुताबिक, इन दोनों क्षेत्रों में ही करीब 100 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है। पूरे लखनऊ में कपड़ा बाजार का कारोबार 200 से 250 करोड़ रुपये तक पहुंचने की उम्मीद है। ट्रांस गोमती क्षेत्र में गोमतीनगर, इंदिरानगर, विकासनगर, चिनहट और मड़ियांव समेत कई बाजार शामिल हैं।
सराफा बाजार में रौनक की उम्मीद
पिछले एक माह की तुलना में सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट से सराफा बाजार को राहत मिली है। बृहस्पतिवार को चांदी का भाव 1.97 लाख रुपये प्रति किलो और 24 कैरेट सोने का भाव 1.49 लाख रुपये प्रति तोला रहा। लखनऊ महानगर सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि कीमतों में गिरावट का असर खरीदारी पर दिख रहा है। लोग चांदी के लक्ष्मी-गणेश, सिक्के, ब्रेसलेट और कड़े खरीद रहे हैं। सोने के सिक्कों और आभूषणों की मांग भी है। आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता के मुताबिक, सराफा बाजार में करीब 300 करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है।
इलेक्ट्राॅनिक उपकरणों की कीमतों में पिछले साल के मुकाबले 15 से 20 फीसदी तक बढ़ोतरी हुई है। इसके बावजूद धनतेरस पर बाजार में अच्छी बिक्री की उम्मीद है। ग्राहक बड़े साइज के एलईडी, वाशिंग मशीन और फ्रिज खरीद रहे हैं। लखनऊ व्यापार मंडल के प्रमुख वरिष्ठ महामंत्री पवन मनोचा ने बताया कि कीमतें बढ़ने के बावजूद कारोबार बेहतर रहने की उम्मीद है। आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष के मुताबिक, इलेक्ट्रानिक बाजार में करीब 150 करोड़ रुपये का कारोबार हो सकता है। झालर और सजावटी सामान के कारोबारियों को 50 करोड़, जबकि मोबाइल और लैपटॉप बाजार को 100 करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है।
धनतेरस पर मिट्टी के दीपक और गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियों की खरीदारी भी शुरू हो गई है। बाजार में 50 से 5000 रुपये तक की मूर्तियां उपलब्ध हैं। मिट्टी के दीपक दो से 400 रुपये तक में बिक रहे हैं। मिट्टी के बर्तन और सजावटी सामान की भी मांग है। इस बाजार को करीब 10 करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है।
धनतेरस और दीपावली की रौनक के बीच फूलों की मांग बढ़ने से कीमतों में भी इजाफा हुआ है। गेंदा फूल की लड़ी 40 रुपये मीटर बिक रही है। 100 रुपये किलो मिलने वाला गेंदा अब 200 रुपये किलो पहुंच गया है। गुलाब के दाम 350 से 400 रुपये किलो हैं। व्यापारी शानू के मुताबिक, दीपावली के दिन गुलाब के दाम 700 रुपये किलो तक पहुंच सकते हैं। आम के पत्तों और गेंदा फूल से बना बंदनवार 60 रुपये मीटर बिक रहा है। 20 से 25 रुपये में मिलने वाला कमल का फूल अब 50 रुपये का हो गया है।