यूपी: पूरे प्रदेश में कई दिनों के बाद खिली चटख धूप, बादल हुए नदारद; 15 अक्तूबर से मौसम फिर लेगा यू-टर्न
Weather in UP: यूपी में मौसम अब साफ हो गया है। कई तरह के चक्रवातों के बाद अब आने वाले तीन दिनों तक मौसम पूरी तरह से साफ रहने की उम्मीद है।
विस्तार
यूपी में अब मौसम कुछ दिनों के लिए स्थिर रहेगा। मौसम विभाग के अनुसान 12 से लेकर 14 अक्तूबर तक किसी भी जिले में बारिश का अनुमान नहीं है। तेज और चटख धूप निकलने से तापमान में मामूली बढ़त देखने को मिलेगी। हालांकि रात के तापमान में गिरावट बनी रहेगी।
इसके पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रविवार को मौसम ने अचानक करवट ली। मेरठ, शामली, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद और बरेली में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हुई। मेरठ और शामली में ओले गिरे, जबकि बिजनौर में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चलीं।
सोमवार से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों पर फिलहाल विराम लगने के आसार हैं। अगले तीन दिन मौसम शुष्क रहने और धूप निकलने से दिन के तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी की संभावना है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 15 अक्तूबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से पश्चिमी यूपी और पूर्वी तराई के जिलों में फिर हल्की बारिश हो सकती है।
झांसी सबसे गर्म, हरदोई-बस्ती में ठंडी रात
धूप खिलने से दो डिग्री तक पारा बढ़ने के आसार
राजधानी में इस हफ्ते मौसम में खास बदलाव के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल प्रदेश में कोई मौसम तंत्र सक्रिय न होने से पूरे हफ्ते बारिश की संभावना नहीं है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक धूप खिलने से अगले तीन-चार दिनों में अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी की संभावना है।
रविवार को धूप खिलने से दिन के पारे में 1.3 डिग्री की बढ़त हुई। राजधानी का अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान में मामूली 0.4 डिग्री की गिरावट और यह 21.8 डिग्री सेल्सियस रहा।