उमर अब्दुल्ला ने निधि राजदान से रचाई शादी: सोशल मीडिया पर साझा की तस्वीरें, अंगूठी वाले इमोजी ने खींचा ध्यान
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जानी-मानी पत्रकार निधि राजदान से शादी कर ली है। 56 वर्षीय उमर और 49 वर्षीय निधि ने शुक्रवार को विवाह किया। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर शादी की तस्वीरें साझा कर नई जिंदगी की शुरुआत की जानकारी दी।
विस्तार
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शुक्रवार को जानी-मानी पत्रकार निधि राजदान के साथ विवाह कर लिया। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने आधिकारिक हैंडल से शादी की चार तस्वीरें साझा की हैं। इन तस्वीरों में दोनों मुस्कुराते हुए कैमरे के सामने पोज देते नजर आ रहे हैं। उन्होंने तस्वीरों के साथ लिखा 'कल से एक नई यात्रा शुरू हुई'।
A new journey began yesterday 💍@Nidhi https://t.co/BXbdLq2d1H
— Omar Abdullah (@OmarAbdullah) October 31, 2026
मुख्यमंत्री उमर 56 वर्ष और निधि 49 वर्ष की हैं। शादी की इन तस्वीरों को साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने लिखा, कल (शुक्रवार) एक नए सफर की शुरुआत हुई...। उन्होंने अपनी इस पोस्ट में निधि राजदान को भी टैग किया है। साझा की गई तस्वीरों में से एक में दोनों फूलों से सजी लकड़ी की सीढ़ियों पर खड़े हैं। दूसरी तस्वीर में वे गुलाबी और सफेद फूलों से सजे आर्च के नीचे खड़े दिखाई दे रहे हैं।
A new journey began yesterday 💍@Nidhi https://t.co/BXbdLq2d1H
— ar Abdullah (@OmarAbdullah) October 31, 2सूत्रों के मुताबिक, यह विवाह नई दिल्ली में विशेष विवाह अधिनियम (स्पेशल मैरिज एक्ट) के तहत संपन्न हुआ। इसके बाद नई दिल्ली और श्रीनगर में आयोजित वैवाहिक कार्यक्रमों में उमर के पिता एवं नेशनल काॅन्फ्रेंस के अध्यक्ष डाॅ. फारूक अब्दुल्ला, मां मौली, तीनों बहनें और करीबी रिश्तेदार तथा निधि के माता-पिता वरिष्ठ पत्रकार एमके राजदान व सरला राजदान उपस्थित रहे।
फिल्म महोत्सव में साथ दिखे थे उमर और निधि
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व में गत सितंबर के दूसरे सप्ताह में जम्मू-कश्मीर का पहला अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव हुआ था। इसके समापन समारोह उमर और निधि साथ पहुंचे थे। तभी से चर्चा जोरों से होने लगी थी कि दोनों जल्द विवाह करने वाले हैं। महोत्सव में 50 से अधिक देशों की 1,100 से अधिक फिल्में प्रदर्शित की गई थीं।
1993 में हुई थी उमर और पायल की मुलाकात
उमर अब्दुल्ला और पायल नाथ की मुलाकात वर्ष 1993 में दिल्ली के ओबेरॉय होटल में हुई थी। उस समय उमर मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव के तौर पर काम कर रहे थे, जबकि पायल भी उसी होटल में कार्यरत थीं। दोस्ती के बाद दोनों ने शादी का फैसला किया और वर्ष 1994 में विवाह कर लिया। उस दौर में यह शादी काफी चर्चा में रही थी।
पायल के पिता रामनाथ भारतीय सेना में मेजर जनरल रह चुके हैं। वह मूल रूप से लाहौर के रहने वाले थे और देश के विभाजन के बाद उनका परिवार भारत आ गया था।
शादी के बाद राजनीति में सक्रिय हुए उमर
शादी के बाद उमर अब्दुल्ला ने राजनीति में कदम रखा। उन्होंने वर्ष 1996 में विधानसभा और 1998 में लोकसभा चुनाव लड़ा। चुनावी दौर में पायल भी कई मौकों पर उनके साथ नजर आईं। बताया जाता है कि उन्होंने उमर के राजनीतिक सफर में पर्दे के पीछे रहकर भी अहम भूमिका निभाई थी। हालांकि, उन्होंने नेशनल कॉन्फ्रेंस में कोई आधिकारिक पद नहीं संभाला। बाद में वह दिल्ली चली गईं और उनका अधिकांश समय वहीं बीता।
तलाक और गुजारा भत्ता बना था चर्चा का विषय
उमर अब्दुल्ला और पायल के रिश्ते में लंबे समय तक विवाद रहा। वर्ष 2011 में उमर ने सार्वजनिक रूप से दोनों के अलग होने की जानकारी दी थी। इसके बाद गुजारा भत्ते को लेकर कानूनी विवाद शुरू हुआ, जो अदालत तक पहुंचा। हाईकोर्ट ने पायल के लिए 1.50 लाख रुपये मासिक गुजारा भत्ता तय किया था। दोनों बेटों जमीर और जहीर की पढ़ाई के लिए भी 60-60 हजार रुपये देने का प्रावधान किया गया था।
वर्ष 2016 के बाद दोनों बेटे पायल के साथ दिल्ली में रहने लगे। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उमर और पायल का वैवाहिक रिश्ता अब कानूनी रूप से समाप्त हो चुका है।
कारोबार से जुड़ी हैं पायल
पायल अब्दुल्ला कारोबारी हैं। वह दिल्ली में ट्रैवल बिजनेस से जुड़ी हैं। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में उनका मिनरल वाटर पैकेजिंग प्लांट भी है। जम्मू-कश्मीर से लौटने के बाद वह दिल्ली में रह रही हैं।