फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   National Updates 5th Sept el nino feb 2027 weather chidambaram cbi ed pitbull north east west south news

न्यूज अपडेट: त्रिपुरा में पूर्व उग्रवादियों ने रेल-रोड नाकेबंदी खत्म की; केरल में हिरासत से भागा चोर, गिरफ्तार

Sat, 05 Sep 2026 03:07 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Sat, 05 Sep 2026 03:07 PM IST
विज्ञापन
National Updates 5th Sept el nino feb 2027 weather chidambaram cbi ed pitbull north east west south news
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

वरिष्ठ कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम ने सीबीआई और ईडी जैसी एजेंसियों को और अधिकार तथा आजादी देने के विचार को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि सीबीआई, ईडी को अगर और अधिकार दिए गए तो देश में भारी गड़बड़ी मच जाएगी। सीबीआई और ईडी ने अपने वैध अधिकार क्षेत्र से कहीं अधिक काम किया है। वे खुद ही कानून बन गए हैं। निगरानी की कमी के कारण पिंजरे में बंद तोता कभी-कभी पिटबुल बन जाता है। उन्होंने कहा कि सीबीआई में बेहतरीन अधिकारी होते हैं और राज्यों में बेहतर काम करते हैं। इनमें से ज्यादातर राज्यों से प्रतिनियुक्ति पर आते हैं। पता नहीं, वे केंद्र में आकर खराब अधिकारी क्यों बन जाते हैं।

विज्ञापन


फरवरी 2027 तक रहेगा अल नीनो का असर
विश्व मौसम संगठन (डब्ल्यूएमओ) ने चेतावनी दी है कि अल नीनो फरवरी 2027 तक सक्रिय रह सकता है। इससे भारत में तापमान बढ़ने और मानसूनी बारिश कम होने के आसार हैं। मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक अल नीनो के प्रभाव से अगस्त में बारिश 16% कम रही और यह रिकॉर्ड सबसे गर्म अगस्त रहा। सितंबर में बारिश सामान्य से कम रहने की संभावना है। जलवायु विशेषज्ञों का कहना है कि इससे उत्तर भारत में सर्दियों का मौसम छोटा हो सकता है और रबी की फसलों पर गर्मी का संकट बढ़ सकता है।

विज्ञापन

अमेरिकी नागरिक समेत सात पर म्यांमार में ड्रोन हमले का आरोप
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट को बताया है कि मार्च में मिजोरम सीमा से अवैध रूप से भारत में प्रवेश के आरोप में गिरफ्तार अमेरिकी नागरिक मैथ्यू वान डाइक और छह यूक्रेनी नागरिकों का संबंध म्यांमार में एक यात्री विमान पर हुए ड्रोन हमले से होने का आरोप है। एनआईए के मुताबिक समूह भारत में आतंकी गतिविधियों की साजिश भी रच रहा था। एजेंसी ने वान डाइक और यूक्रेनी नागरिक कामिन्स्की विक्टर से तिहाड़ जेल में पूछताछ की अनुमति मांगी, जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया। एनआईए ने बताया कि 14 यूक्रेनी नागरिक अलग-अलग तारीखों पर पर्यटक वीजा पर भारत आए और गुवाहाटी के रास्ते मिजोरम पहुंचे। आरोप है कि वे जरूरी परमिट के बिना म्यांमार गए। जांच एजेंसी के मुताबिक उन्हें ड्रोन युद्ध, संचालन, असेंबली और जैमिंग तकनीक की ट्रेनिंग देनी थी। केंद्रीय जांच एजेंसी ने कहा कि जब्त उपकरणों से मिले फोटो, वीडियो और आवाज के नमूनों से अहम सुराग मिले हैं। जांच अभी जारी है और आरोप अदालत में साबित होना बाकी है।

मासूम को अगवा कर मंगवा रही थी भीख, गुजरात में गिरफ्तार; खुद भी भीख मांगती है आरोपी महिला
गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले के बस स्टेशन इलाके से एक महिला ने भीख मंगवाने के लिए एक चार साल के बच्चे का अपहरण कर लिया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी 40 साल की महिला को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि महिला का मकसद बच्चे से ट्रैफिक सिग्नल्स पर भीख मंगवाना था। राहत की बात यह है कि पुलिस ने बच्चे का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया है।

मजदूर परिवार का है चार साल का बच्चा 
सुरेंद्रनगर के पटडी बस स्टेशन के पास फुटपाथ पर एक मजदूर परिवार रहता है। बुधवार को महिला ने परिवार के 4 वर्षीय बच्चे को अगवा कर लिया। परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामला बच्चे से जुड़ा था इसलिए पुलिस ने तुरंत पूरे इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया। इसी में से एक फुटेज में दिखा कि एक बच्चा किसी महिला का हाथ पकड़ कर जा रहा है। फुटेज की और बारीकी से जांच की गई तो पता चला कि जो बच्चा दिख रहा वो गुमशुदा बच्चे के हुलिए से मेल खा रहा है।

विज्ञापन

जनगणना 2027 : सवार लोगों की गिनती के बाद जाएंगे जहाज
जनगणना 2027 के लिए भारतीय व्यापारिक जहाजों के चालक दल और सवार लोगों की गिनती होने तक सीमा शुल्क अफसरों को उन्हें क्लीयरेंस नहीं देने का निर्देश दिया गया है। जनगणना आयुक्त मृत्युंजय कुमार नारायण के आदेश के अनुसार, 1 मार्च 2027 को रात 12 बजे भारतीय बंदरगाह पर मौजूद जहाजों पर सवार लोगों की गिनती होगी। विदेशी जहाजों पर चालक दल और यात्रियों की भी गणना की जाएगी। इसके बाद मिला प्रमाणपत्र दिखाने के बाद ही जहाज रवाना हो सकेंगे।

बंगलूरू जेल में पांच विचाराधीन कैदियों ने वार्डन पर किया हमला

बंगलूरू की परप्पना अग्रहारा केंद्रीय जेल में पांच विचाराधीन कैदियों ने 32 वर्षीय वार्डन मंजूनाथ हवेली पर कथित तौर पर हमला किया और उनका गला घोंटने की कोशिश की। घटना दो सितंबर की है। पुलिस के मुताबिक, वार्डन जेल के एनेक्स-1 में एक कैदी की जानकारी लेने पहुंचे थे, तभी मोहम्मद मुशामिर ने उनसे गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने वार्डन के चेहरे और नाक पर कई मुक्के मारे। चार अन्य कैदी अब्दुल शफगान, मोहम्मद रिजवान, नियाज और कलंदर शफी भी कथित तौर पर हमले में शामिल हो गए और वार्डन को एक कमरे में खींचकर उनका गला घोंटने की कोशिश की। जेल कर्मचारियों ने हस्तक्षेप कर उन्हें बचाया। पांचों आरोपी पूर्व बजरंग दल कार्यकर्ता सुहास शेट्टी की हत्या के मामले में जेल में बंद हैं। पुलिस ने हत्या के प्रयास और मारपीट समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया है। जांच जारी है।

असम में जालसाजी और ठगी के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन, 330 आरोपी गिरफ्तार
असम में पुलिस ने धोखाधड़ी और जालसाजी के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाकर लगभग 330 लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शनिवार तड़के तीन बजे से पूरे राज्य के अलग-अलग जिलों में एक साथ शुरू की गई। इस विशेष अभियान में सबसे ज्यादा गिरफ्तारियां काछार जिले से हुई हैं। यह पूरी कार्रवाई मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के निर्देशों पर पुलिस अधिकारियों की बैठक के बाद की गई है।

गिरफ्तार किए गए लोग फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर लोगों को डराते थे और उनसे पैसे वसूलते थे। कई आरोपी पुलिस थानों के बाहर घूमकर लोगों को केस जल्दी सुलझाने का झांसा देते थे। पुलिस अब इस मामले में साइबर तकनीकी की मदद से आरोपियों के डिजिटल सबूत जुटा रही है। असम से बाहर जैसे हैदराबाद और बेंगलुरु में छिपे अन्य आरोपियों को भी जल्द पकड़ने की तैयारी है।

केरल में कार से 12 किलो गांजा जब्त, दो नशा तस्कर गिरफ्तार
केरल के अंगमाली में पुलिस और एंटी-नारकोटिक टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कार की डिग्गी से 12 किलो गांजा बरामद किया है। जिला पुलिस प्रमुख को मिली गुप्त सूचना के आधार पर टीबी जंक्शन के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध कार को रोका गया। तलाशी लेने पर कार के बूट स्पेस में अलग-अलग बैग में बंद करके रखा गया गांजा मिला, जिसके बाद पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में ले लिया।

इस मामले में पुलिस ने अलाप्पुझा जिले के पुन्नाप्रा निवासी चार्ल्स डेनिस (29) और प्रवीण दास (28) को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच के मुताबिक, दोनों आरोपी दूसरे राज्यों से यह गांजा खरीदकर अलाप्पुझा इलाके में सप्लाई करने जा रहे थे। अदालत में पेश करने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, और पुलिस अब इस तस्करी के मुख्य नेटवर्क का पता लगा रही है।

असम के धुबरी में 58 मवेशी बचाए गए, मुख्यमंत्री सरमा बोले- पवित्र महीने में अपराध बर्दाश्त नहीं
असम के धुबरी जिले में पुलिस ने तस्करों के मंसूबों पर पानी फेरते हुए 58 मवेशियों को सुरक्षित बचा लिया है। राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शनिवार को इस सफल अभियान की जानकारी साझा की और त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस बल की तारीफ की। हालांकि, इस कार्रवाई में किसी तस्कर की गिरफ्तारी हुई है या नहीं, इसका आधिकारिक उल्लेख फिलहाल नहीं किया गया है।

मुख्यमंत्री सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए सख्त रुख अपनाया। उन्होंने लिखा कि भाद्रपद के पवित्र महीने में गो-तस्करी जैसी कोशिशों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राज्य प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि मवेशी तस्करी के खिलाफ पुलिस का यह सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।

मणिपुर हिंसा पर भड़का विपक्ष, कांग्रेस बोली- शांति बहाली के लिए सरकार के पास कोई योजना नहीं
मणिपुर में जारी जातीय हिंसा को लेकर कांग्रेस ने राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस विधायक दल के नेता कीशम मेघचंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि महीनों बीत जाने के बाद भी सरकार के पास शांति और सामान्य स्थिति लौटाने के लिए कोई ठोस रोडमैप नहीं है। उनका यह बयान गृह मंत्री द्वारा विधानसभा में दिए गए उस आंकड़े के बाद आया, जिसमें मई 2023 से अब तक 306 लोगों की मौत और 49 लोगों के लापता होने की पुष्टि की गई है।

मेघचंद्र सिंह ने कहा कि विपक्ष लगातार सदन में बुनियादी मुद्दों पर चर्चा की मांग कर रहा है। उन्होंने राज्य में 1951 को आधार वर्ष मानकर एनआरसी लागू करने की जनमांग का समर्थन किया और कहा कि सरकार इसे टाल रही है। हाल ही में बढ़ते जनाक्रोश को देखते हुए केंद्र सरकार ने राज्य में जनगणना रोक दी है। कांग्रेस नेता ने प्रभावित लोगों को न्याय दिलाने के लिए अपनी लड़ाई जारी रखने का संकल्प दोहराया।

बाल विवाह पर यूएन के फैसले का असम में स्वागत, सीएम सरमा बोले- हमारी मुहिम को मिली वैश्विक पहचान
संयुक्त राष्ट्र द्वारा 27 नवंबर को 'बाल, बाल-विवाह और जबरन विवाह उन्मूलन दिवस' घोषित करने के फैसले का असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला असम सरकार द्वारा बाल विवाह के खिलाफ चलाए जा रहे कड़े अभियानों पर वैश्विक मुहर है। संयोग से, असम सरकार ने भी इस साल नवंबर महीने से जबरन विवाह और बाल विवाह के खिलाफ एक नया व्यापक अभियान शुरू करने का ऐलान किया है।

मुख्यमंत्री ने आंकड़े साझा करते हुए बताया कि राज्य में चलाए गए अभियानों के तहत अब तक 12,000 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं और 11,000 से ज्यादा गिरफ्तारियां हुई हैं। इसके परिणामस्वरूप 20 जिलों में बाल विवाह के मामलों में 81 प्रतिशत की गिरावट आई है, साथ ही कम उम्र में मां बनने के मामलों में कमी और लड़कियों की उच्च शिक्षा में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सरमा ने कहा कि असम की यह लड़ाई अब एक वैश्विक सोच बन चुकी है।

इंस्टाग्राम फोटो से मुसीबत में फंसा युवक, नीलकुरिंजी फूल तोड़ने का आरोप
केरल के मुन्नार में नीलकुरिंजी के फूल तोड़कर फोटो खिंचवाना एक युवक को भारी पड़ गया। युवक ने फूलों के साथ अपनी फोटो खिंचवाकर उसे इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था। फोटो सामने आने के बाद वन विभाग ने उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। अधिकारियों के अनुसार युवक ने कथित तौर पर पौधों और फूलों को तोड़ा था। उसने फूलों को बालों में लगाया और हाथ में भी फूलों का गुच्छा लेकर फोटो खिंचवाई। वन विभाग ने उसकी पहचान कर ली है और अदालत में मामला दर्ज करने की तैयारी कर रहा है। मुन्नार की चोकरामुडी पहाड़ियों में इस साल नीलकुरिंजी खिले हैं। यह फूल 12 साल में एक बार खिलता है।
 

केरल में पुलिस हिरासत से भागा चोरी का आरोपी गिरफ्तार
केरल के कोल्लम जिले में पुलिस हिरासत से भागा 23 वर्षीय चोरी का आरोपी शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार वैजेश को चोरी के मामले में कुंडारा पुलिस स्टेशन लाया गया था। वह 3 सितंबर की रात करीब 1:30 बजे थाने के लॉकअप से भाग गया। बताया गया कि लॉकअप का ताला खुला हुआ था, जिसका फायदा उठाकर आरोपी फरार हो गया। पुलिस को कुछ देर बाद उसके भागने का पता चला। इसके बाद उसकी तलाश के लिए विशेष टीम बनाई गई। शनिवार दोपहर पुलिस ने सूचना के आधार पर कुंडारा के सारथी जंक्शन पर वैजेश और उसके दोस्त को रोका। विरोध के बावजूद पुलिस ने उसे पकड़ लिया। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

हादसे में घायल को छोड़ने के आरोप में चार पुलिसकर्मी निलंबित
केरल के त्रिशूर जिले में सड़क हादसे के घायल लोगों को मौके पर छोड़ने के आरोप में चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। पुलिस के मुताबिक 19 जुलाई को पुदुक्कड़ में एक ढाबे के पास झगड़े के बाद पुलिस आरोपी को पकड़ने पहुंची थी। पीछा करने के दौरान पुलिस की जीप एक बाइक से टकरा गई। बाइक पर सवार दो लोग गिरकर घायल हो गए। आरोप है कि पुलिसकर्मी घायलों को अस्पताल ले जाने के बजाय उन्हें वहीं छोड़कर चले गए। बाद में स्थानीय लोगों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। शुरुआती जांच के बाद सब-इंस्पेक्टर महेश समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। आगे की कार्रवाई विस्तृत जांच के बाद होगी।

त्रिपुरा में पूर्व उग्रवादियों ने रेल-रोड नाकेबंदी खत्म की
त्रिपुरा में आत्मसमर्पण कर चुके उग्रवादियों के संगठन ने शनिवार शाम 72 घंटे की रेल और सड़क नाकेबंदी खत्म कर दी। सरकार ने उनकी मांगों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का भरोसा दिया है। शुक्रवार से चल रही नाकेबंदी के कारण कई जगह यातायात प्रभावित हुआ और कुछ ट्रेनों को रद्द या उनके मार्ग पर बदलाव करना पड़ा। संगठन की 11 मांगों में 2024 में हुए शांति समझौते को लागू करना और आदिवासियों को भूमि अधिकार देना शामिल है। संगठन लंबित मामलों को वापस लेने की भी मांग कर रहा था। पश्चिम त्रिपुरा के जिलाधिकारी विशाल कुमार ने बताया कि सरकार के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी नाकेबंदी हटाने पर सहमत हुए।

कर्नाटक में जल्द खत्म होगी NPS, OPS लागू करने का एलान
कर्नाटक सरकार जल्द ही नई पेंशन योजना यानी NPS को खत्म कर पुरानी पेंशन योजना यानी OPS लागू कर सकती है। उपमुख्यमंत्री जी. परमेश्वर ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारी लंबे समय से पुरानी पेंशन योजना लागू करने की मांग कर रहे हैं। कांग्रेस ने भी चुनाव से पहले इसका वादा किया था। परमेश्वर के मुताबिक मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने इस मुद्दे पर चर्चा की है और सरकार ने NPS खत्म करने का महत्वपूर्ण फैसला लिया है। हालांकि कुछ कारणों से अब तक OPS लागू नहीं हो सकी थी। उन्होंने कहा कि सरकार जल्द ही इस दिशा में कदम उठाएगी।
 

वरिष्ठ IAS अधिकारी विवेक कुमार देवांगन NCSC के सचिव नियुक्त
वरिष्ठ IAS अधिकारी विवेक कुमार देवांगन को राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (NCSC) का सचिव नियुक्त किया गया है। कार्मिक मंत्रालय की ओर से शनिवार को जारी आदेश के अनुसार, कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी दी है। देवांगन 1993 बैच के मणिपुर कैडर के IAS अधिकारी हैं। उन्हें अब राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग में सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। NCSC अनुसूचित जाति से जुड़े मामलों और उनके अधिकारों की निगरानी करने वाला संवैधानिक निकाय है। देवांगन प्रशासनिक क्षेत्र में लंबे समय से काम कर रहे हैं। उनकी नई नियुक्ति केंद्र सरकार के वरिष्ठ प्रशासनिक पदों में बदलाव का हिस्सा है।

जादवपुर यूनिवर्सिटी में एबीवीपी ने लिखा 'फ्री पीओके' का नारा
कोलकाता की जादवपुर यूनिवर्सिटी में दीवारों पर राजनीतिक नारियों को लेकर विवाद जारी है। शनिवार को आरएसएस से जुड़े छात्र संगठन एबीवीपी ने यूनिवर्सिटी की दीवार पर 'फ्री पीओके' का नारा लिखा। इससे पहले छात्र छात्रों ने 'फ्री फिलिस्तीन' और 'कश्मीर मांगे आजादी' जैसे नारे लिखे थे। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने इन नारियों पर दोस्ती की चाह रखी थी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कई राजनीतिक लेख और चित्र दिए, जिनके बाद वाम छात्रों ने नए नारे लिखे। एबीवीपी ने इसे छात्रों के नारों का जवाब बताया। वहीं एसएफआई और अन्य संगठन इसे विश्वविद्यालय की पुरानी राजनीतिक अभिव्यक्ति की परंपरा बता रहे हैं।

ओडिशा BJP की बैठक में पंचायत चुनाव की रणनीति पर चर्चा
ओडिशा के कटक में शनिवार को बीजेपी की दो दिवसीय प्रदेश कार्यकारिणी बैठक शुरू हुई। बैठक में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, उपमुख्यमंत्री केवी सिंह देव और प्रभाती परिडा समेत करीब 400 नेता और पदाधिकारी शामिल हुए। प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल की अध्यक्षता में हुई बैठक में अगले तीन महीनों का रोडमैप तैयार किया जा रहा है। पार्टी मार्च 2027 में होने वाले तीन स्तरीय पंचायत और शहरी निकाय चुनावों की रणनीति पर भी चर्चा कर रही है। मंत्री सुरेश पुजारी ने बताया कि बैठक में 10 सूत्रीय एजेंडे पर चर्चा होगी। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की समीक्षा कर कमियों को दूर करने पर भी फैसला होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed