महाराष्ट्र: सातारा में ट्रक से टकराने के बाद टेंपो से भिड़ी एसयूवी, चार लोगों की मौत; तीन घायल
महाराष्ट्र के लातूर जिले में सूखे की मार झेल रहे किसानों की मदद के लिए पूर्व मंत्री आगे आए हैं। गंभीर स्थिति को देखते हुए पूर्व राज्य मंत्री और भाजपा विधायक संभाजी पाटिल निलंगेकर ने सूखे से प्रभावित लोगों की मदद के लिए अपना एक साल का पूरा मानदेय देने का संकल्प लिया है। उन्होंने मंगलवार को दशहरा के अवसर पर एक वीडियो जारी कर यह घोषणा की। ग्रामीण इलाकों में पानी की कमी से लोग और किसान परेशान हैं। पशुओं के लिए चारा जुटाना भी मुश्किल हो रहा है। निलंगा विधानसभा सीट से विधायक ने कहा कि यह राशि मुख्य रूप से पीने के पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने में उपयोग होगी। इससे पानी के टैंकरों की व्यवस्था की जाएगी। पशु शिविरों में मवेशियों के लिए चारा भी उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इस संकट में योगदान देने की अपील की।
ठाणे के संजय गांधी पार्क में गोलीबारी, एक की मौत, कई घायल
महाराष्ट्र के संजय गांधी नेशनल पार्क में अज्ञात हमलावरों की गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई। कुछ लोग घायल भी हुए हैं। मंगलवार तड़के हुई वारदात के संबंध में पुलिस ने बताया, घटना ठाणे में पार्क की येउर रेंज के चेना बीट में हुई। सूचना मिलने पर वन विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। जांच टीमों को जंगल के अंदर, पार्क की सीमा से करीब 450 मीटर दूर खून के धब्बे मिले। मृतक मीरा-भयंदर नगर निगम के बेलकारी पाड़ा का निवासी माना जा रहा है। गोलीबारी का सटीक क्रम और इसका मकसद फिलहाल स्पष्ट नहीं हुआ है। मृतक व घायलों की पूरी पहचान भी स्थापित नहीं हो पाई है। वन विभाग और स्थानीय काशीगांव पुलिस स्टेशन के अधिकारी संयुक्त रूप से विस्तृत जांच कर रहे हैं। अधिकारियों ने कहा कि जांच पूरी होने पर ही मामले का खुलासा हो सकेगा।
पालघर जिले में पुलिस ने एक टेम्पो से 49.24 लाख रुपये कीमत के प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद और पान मसाला जब्त किए हैं और वाहन के ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर, सोमवार को मुंबई-अहमदाबाद राजमार्ग पर महाराष्ट्र-गुजरात सीमा के पास वाहन को रोका गया। पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख ने बताया कि शुरुआती जांच में टेम्पो के अगले हिस्से में बिजली का सामान लदा हुआ दिखा। हालांकि, जब बिजली के सामान के पीछे अच्छी तरह से तलाशी ली गई, तो वहां केसर-युक्त पान मसाला और तंबाकू उत्पादों का बड़ा जखीरा मिला, जो महाराष्ट्र में प्रतिबंधित हैं। उन्होंने बताया कि 49.24 रुपये कीमत का यह प्रतिबंधित सामान जब्त कर लिया गया और वाहन को भी अपने कब्जे में ले लिया गया। टेम्पो ड्राइवर, उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर निवासी रिंकू नरेश यादव (30) को हिरासत में ले लिया गया है। ड्राइवर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
'सत्ता परिवर्तन' को लेकर शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे के बयान पर, शिवसेना (यूबीटी) नेता प्रियंका चतुर्वेदी कहा कि इस देश में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत सत्ता परिवर्तन होना एक सामान्य बात है, इसमें कुछ भी नया नहीं है, कोई भी विपक्ष स्वाभाविक रूप से सरकार बदलने का लक्ष्य रखेगा। लेकिन यह बदलाव कैसे आना चाहिए? यह एक मजबूत चुनाव आयोग सुनिश्चित करके, लोकतांत्रिक और संवैधानिक संस्थाओं को बनाए रखकर और सबसे महत्वपूर्ण बात, जनता का विश्वास जीतकर और वोट के जरिए जनादेश हासिल करके होना चाहिए। वहीं, भाजपा की सरकार बदलने की प्रक्रिया में पार्टियों को तोड़ना, उनके चुनाव चिह्न बदलना और पूरी तरह से चुनावी प्रक्रिया को दरकिनार करना शामिल है। वह बिल्कुल गलत है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को उद्धव ठाकरे द्वारा दी गई इस चुनौती पर कि वे गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को गुजरात की साबरमती जेल से मुंबई ले आएं, प्रियंका चतुर्वेदी कहती हैं, 'जब तक लॉरेंस बिश्नोई साबरमती जेल में बंद है, तब तक किसी दूसरे राज्य की पुलिस न तो उससे पूछताछ कर सकती है और न ही उसे अपनी कस्टडी में ले सकती है। उसे किस तरह की सुरक्षा दी जा रही है? वह जेल की दीवारों के भीतर से ही अपना पूरा गिरोह चला रहा है। बॉलीवुड इंडस्ट्री और जानी-मानी हस्तियों को निशाना बना रहा है। मेरा मानना है कि मुंबई पुलिस को उसे यहां लाने की दिशा में काम करना चाहिए।
गरबा पंडाल से नाबालिग लड़की को बाहर निकालने और मारपीट करने के आरोप में 18 साल का युवक गिरफ्तार
पालघर जिले में एक 17 साल की लड़की को गरबा पंडाल से खींचकर बाहर निकालने और उसके साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना सोमवार रात नवरात्रि उत्सव के दौरान नालासोपारा ईस्ट इलाके में हुई। बाद में, इस मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पेलहार पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर सचिन कांबले ने बताया कि शिकायतकर्ता लड़की और 18 साल का आरोपी एक-दूसरे को पहले से जानते थे, लेकिन लड़की ने उससे बात करना बंद कर दिया था। अधिकारी ने एफआईआर का हवाला देते हुए बताया कि आरोपी संतोष भुवन में आयोजित गरबा कार्यक्रम में पहुंचा, जहां वह लड़की भी मौजूद थी। उसने लड़की को कार्यक्रम स्थल से बाहर खींचा और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। कांबले ने बताया कि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद, पुलिस ने आरोपी का पता लगाया और उसे गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने आगे बताया कि आरोपी के खिलाफ 'प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन फ्रॉम सेक्सुअल ऑफेंसेस एक्ट' (पॉक्सो) और 'भारतीय न्याय संहिता' के तहत मामला दर्ज किया गया है, और मामले की जांच चल रही है।
सड़क हादसे में चार की मौत
ओवरटेक करने की कोशिश में ट्रक से टकराई एसयूवी
पुलिस ने बताया कि एसयूवी चालक एक मालवाहक ट्रक को बाईं ओर से ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान एसयूवी ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एसयूवी चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और घूमते हुए फ्लाईओवर की सुरक्षा रेलिंग से जा टकराई।
इसके बाद एसयूवी की सामने से आ रहे एक टेंपो से सीधी भिड़ंत हो गई। इस हादसे में एसयूवी सवार चार लोगों की जान चली गई। पुलिस के मुताबिक, हादसे में एसयूवी चालक तेजस देशमुख समेत चार लोगों की मौत हुई है। मृतकों की पहचान तेजस देशमुख, सागर निंबालकर, सुयश चिंचकर और रोहित धोत्रे के रूप में हुई है।