फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Maharashtra Update Mumbai Ganpati Idol immersion Palghar Nagpur Pune BJP NCP Shiv Sena CEC politics crime news

महाराष्ट्र: ठाणे में ₹11.6 लाख की मेफेड्रोन के साथ दो गिरफ्तार; महिला से 24.25 लाख रुपये की ठगी, चार पर केस

Sat, 26 Sep 2026 03:58 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Sat, 26 Sep 2026 03:58 PM IST
विज्ञापन
Maharashtra Update Mumbai Ganpati Idol immersion Palghar Nagpur Pune BJP NCP Shiv Sena CEC politics crime news
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

मुंबई में "गणपति बप्पा मोरिया" के जयकारों और ढोल-ताशा के बीच हजारों श्रद्धालुओं ने गणेश उत्सव के अंतिम, 12वें दिन भगवान गणेश को भावभीनी विदाई दी। विसर्जन जुलूस समुद्र तटों और कृत्रिम तालाबों की ओर बढ़े।बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने बताया कि रात 9 बजे तक 16,154 गणपति मूर्तियों का विसर्जन किया गया। इनमें 772 सार्वजनिक, 14,864 घरेलू और 518 गौरी/हरतालिका देवी की मूर्तियां शामिल थीं। बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देशों के बावजूद कई जुलूसों में डीजे सिस्टम, तेज संगीत और पटाखों का इस्तेमाल हुआ। गुलाल के व्यापक उपयोग से शहर की सड़कें गुलाबी हो गईं। प्रसिद्ध लालबागचा राजा सहित कई प्रमुख गणेश मंडलों के जुलूस सुबह शुरू हुए। मुंबई पुलिस और बीएमसी ने सुरक्षित विसर्जन के लिए व्यापक व्यवस्था की थी। हजारों पुलिसकर्मी, कर्मचारी और अन्य दल तैनात थे।

विज्ञापन

नालासोपारा: सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर समुद्र में डूबा, तलाश जारी
पालघर जिले के नालासोपारा में कलांब बीच के पास शुक्रवार को एक सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर के समुद्र में डूबने की आशंका है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। परिवार के सदस्यों ने बताया कि कृष्णा अनिल विश्वकर्मा समुद्र में उतरने के कुछ देर बाद तेज धाराओं में फंस गए। यह घटना दोपहर 12 बजे हुई। आसपास मौजूद लोग समुद्र की गहराई और धाराओं के कारण मदद नहीं कर पाए। विश्वकर्मा के परिजनों ने बताया कि पुलिस और कुछ अन्य लोगों ने बचाव अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। विश्वकर्मा नालासोपारा के संतोष भुवन क्षेत्र के निवासी हैं। वह स्थानीय स्तर पर जाने-पहचाने चेहरे हैं। उन्हें सोशल मीडिया पर रील्स और वीडियो बनाने के लिए जाना जाता है। वसई विरार सिटी नगर निगम के अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि तलाशी अभियान जारी है।

विज्ञापन

दुष्कर्म के आरोपी कांस्टेबल की मां बोली-उसे फांसी दो
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी में दुष्कर्म के मामले में बर्खास्त सह-आरोपी पुलिस कांस्टेबल शैलेश पाटिल की मां सुलोचना पाटिल ने अपने बेटे के लिए फांसी की सजा मांगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटे ने पहले भी कई महिलाओं को धमकाया और उन्हें प्रताड़ित किया है। सुलोचना ने दावा किया कि उनके बेटे ने बंदूक के दम पर सारी संपत्ति, जमीन और नकदी पर जबरन कब्जा किया हुआ है। उन्होंने अधिकारियों से बेटे को फांसी देने और कब्जाई गई संपत्तियां वापस दिलाने की अपील की है। बता दें कि मामले में पूर्व भाजपा विधायक नरेंद्र पवार और शैलेश पाटिल पर 13 सितंबर को एक विवाहित महिला को भिवंडी के बापगांव ले जाने, बंदूक की नोक पर धमकाने, शराब पिलाने और दुष्कर्म करने का आरोप है। 
विज्ञापन

ठाणे में 11.6 लाख रुपये की मेफेड्रोन के साथ दो गिरफ्तार
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने 11.6 लाख रुपये की मेफेड्रोन के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान फकरुद्दीन निजामुद्दीन शेख (20) और आसिफ मोहम्मद कासिम शेख (26) के रूप में हुई है। दोनों को मंगलवार रात अंबरनाथ पुलिस ने सूचना के आधार पर रोका था। तलाशी के दौरान उनके पास से 58 ग्राम मेफेड्रोन बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 11.6 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास एक चॉपर और लोहे की रॉड भी थी। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और महाराष्ट्र पुलिस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी नशीला पदार्थ कहां से लेकर आए थे और इसे आगे किसे देने वाले थे।
विज्ञापन

ठाणे में महिला से 24.25 लाख रुपये की ठगी, चार लोगों पर केस
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने एक महिला से 24.25 लाख रुपये और सोने के गहने ठगने के आरोप में एक परिवार के चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। महिला भिवंडी की रहने वाली है। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने उसे ‘ए ओ कलेक्शन’ नाम के कारोबार में निवेश करने के लिए कहा था। उन्होंने निवेश पर अच्छा मुनाफा देने का भरोसा दिलाया था। महिला का आरोप है कि उसने पिछले छह साल के दौरान आरोपियों को कुल 24.25 लाख रुपये और सोने के आभूषण दिए, लेकिन उसे न तो मूल रकम वापस मिली और न ही सोना लौटाया गया। पुलिस ने शुक्रवार को रफाना तनवीर अहमद अंसारी, तनवीर अहमद अंसारी, शबनम शाहिद अंसारी और दराब शाहिद अंसारी के खिलाफ मामला दर्ज किया। सभी आरोपी गैबीनगर के रहने वाले बताए गए हैं। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ठाणे में 84 वर्षीय पेट्रोल पंप मालिक से मारपीट और जातिसूचक गाली का आरोप
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी में 84 वर्षीय पेट्रोल पंप मालिक के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, घटना 20 सितंबर को दापोड़े इलाके में हुई। पीड़ित मुरलीधर महादू पिचड अपने पेट्रोल पंप पर सुरक्षा दीवार का निर्माण कार्य देख रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान करण सुरेश पाटिल वहां पहुंचा और काम रुकवा दिया। इसके बाद उसने पिचड और उनके बेटे के साथ कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। आरोपी पर दोनों के साथ मारपीट करने और आगे नुकसान पहुंचाने की धमकी देने का भी आरोप है। पिचड महादेव कोली आदिवासी समुदाय से हैं। नरपोली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

‘घर के नीचे छिपा खजाना’ बताकर महिला से 5.6 लाख की ठगी, चार पर केस
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में ‘घर के नीचे छिपा खजाना’ होने का झांसा देकर 40 वर्षीय महिला से 5.6 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास का सहारा लेकर महिला को अपने जाल में फंसाया। महिला ने पुलिस को बताया कि इस महीने की शुरुआत में आरोपियों ने उसे भरोसा दिलाया कि उसके घर के नीचे खजाना दबा हुआ है। खजाना निकालने के नाम पर उससे चार लाख रुपये नकद और 1.6 लाख रुपये का सोना ले लिया गया। आरोप है कि आरोपियों ने घर में पूजा-पाठ से जुड़ी चीजें भी दबाईं और महिला को डराया। इसके बाद वे उसके पैसे और सोने के साथ फरार हो गए। महिला की शिकायत पर उल्हासनगर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और महाराष्ट्र अंधविश्वास विरोधी कानून के तहत जबरन वसूली, धोखाधड़ी और आपराधिक धमकी का मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

पॉक्सो केस में 56 वर्षीय व्यक्ति बरी, अदालत ने पहचान साबित न होने पर उठाए सवाल
ठाणे की विशेष अदालत ने पांच साल की बच्ची से यौन उत्पीड़न के मामले में 56 वर्षीय व्यक्ति को बरी कर दिया। अदालत ने कहा कि अभियोजन पक्ष आरोपी की पहचान को पर्याप्त रूप से साबित नहीं कर सका। मामला 23 मई 2026 का है। अभियोजन के अनुसार, आरोपी ने बच्ची को चॉकलेट देने का लालच देकर तीसरी मंजिल पर ले जाकर उसका यौन उत्पीड़न किया था। आरोपी करीब चार महीने तक हिरासत में रहा। विशेष न्यायाधीश जी. टी. पवार ने 22 सितंबर को उसे बरी कर दिया। अदालत ने कहा कि पुलिस ने गिरफ्तारी के समय आरोपी की तस्वीर नहीं ली थी। इसलिए बाद में अदालत में बच्ची द्वारा पहचान न कर पाने की स्थिति में आरोपी के पुराने और बदले हुए हुलिए की तुलना नहीं की जा सकी। अदालत ने यह भी कहा कि रिकॉर्ड में आरोपी की तस्वीर मौजूद नहीं थी। सुनवाई के दौरान बच्ची ने आरोपी द्वारा हमला किए जाने से इनकार किया और कहा कि पुलिस ने उसे बयान देने के लिए कहा था। अदालत ने अभियोजन की खामियों को अहम माना।

मांगें नहीं मानीं तो ‘मिशन-3’ शुरू करेंगे, मुंबई तक मार्च की चेतावनी- जरांगे
मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता मनोज जरांगे पाटिल ने महाराष्ट्र सरकार को चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन का नया चरण शुरू किया जाएगा। उन्होंने शनिवार को कहा कि ‘मिशन-3’ की शुरुआत पटोदा से होगी और जरूरत पड़ने पर मुंबई तक मार्च निकाला जाएगा। जरांगे ने बताया कि जालना के अंतरवाली सराटी में प्रस्तावित आंदोलन फिलहाल स्थगित कर दिया गया है और वहां लगाया गया मंच व टेंट भी हटा दिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार मांगों पर कार्रवाई नहीं करती है तो येओला या परली से भी आंदोलन शुरू किया जा सकता है। पश्चिमी महाराष्ट्र में भी प्रदर्शन हो सकते हैं। जरांगे ने 17 सितंबर को भूख हड़ताल खत्म करते हुए सरकार को 90 दिन का समय दिया था। उनकी मांगों में सातारा, कोल्हापुर, औंध और पुणे गजट से जुड़े मामलों पर कार्रवाई, कुनबी रिकॉर्ड खोजने के प्रयास तेज करना और ईडब्ल्यूएस, एसईबीसी व सारथी से जुड़े मुद्दों पर कदम उठाना शामिल है।

1,123 दिन बाद हटाया गया मराठा आरक्षण आंदोलन का मंच
महाराष्ट्र के जालना जिले के अंतरवाली सराटी गांव में मराठा आरक्षण आंदोलन का प्रमुख धरना स्थल 1,123 दिन बाद हटा दिया गया। गांव के सरपंच के अनुसार, स्थानीय लोगों ने रोजमर्रा की गतिविधियों, यातायात और जगह खुली रखने के लिए टेंट और मंच हटाने का फैसला किया। कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने 29 अगस्त 2023 को इसी स्थान से मराठा समुदाय को ओबीसी श्रेणी में आरक्षण देने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की थी। इस दौरान यहां कई बड़े आंदोलन हुए। 25 सितंबर 2026 तक जरांगे ने इसी स्थल पर 11 बार भूख हड़ताल की। शुक्रवार रात मंच और टेंट हटा दिए गए।
 

एक्सपायर्ड और खराब खाद्य सामग्री रखने पर पांच लोगों पर केस
ठाणे जिले के भिवंडी में एक्सपायर्ड और खराब खाद्य सामग्री रखने, बेचने और वितरित करने के आरोप में पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, अनजुर फाटा इलाके में गुरुवार को हुई छापेमारी के दौरान गोदाम से चावल, आटा, स्नैक्स और कोल्ड ड्रिंक समेत कई खाद्य सामग्री मिली। इनकी कुल कीमत करीब 10.31 लाख रुपये बताई गई है। मामले में गोदाम मालिक हाफिज अब्दुल मजीद खान, मैनेजर मोहम्मद अरशद मोहम्मद हुसैन शेख, टेंपो चालक मोहम्मद ओसामा सय्यद रजा और वाहन मालिक अभिनव रेड्डी समेत पांच लोगों को आरोपी बनाया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed