कुल्लू। ज्वाइंट टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने केंद्र सरकार से टेट संबंधी प्रावधानों को लेकर अध्यादेश लाने की मांग की है। फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्ण कुमार फौगाट ने कहा कि देशभर के लाखों कार्यरत शिक्षकों के सामने उत्पन्न स्थिति केवल व्यक्तिगत समस्या नहीं, बल्कि उनके भविष्य और सेवा-सुरक्षा से जुड़ा सवाल है। फौगाट ने कहा कि लंबे समय से सरकारी विद्यालयों में अपनी सेवाएं दे रहे शिक्षकों ने निर्धारित योग्यता और भर्ती प्रक्रिया के आधार पर नियुक्ति प्राप्त की थी। ऐसे में बाद में लागू होने वाले प्रावधानों के कारण उनके सामने नई पात्रता संबंधी चुनौतियां खड़ी होना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि शिक्षकों की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए तत्काल प्रभाव से अध्यादेश लाकर समाधान का रास्ता निकाला जाए।
महासचिव हितेंद्र साहसी ने कहा कि यह कानून अध्यापकों पर क्यों थोपा जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन शिक्षकों की नियुक्ति उस समय लागू नियमों के अनुसार हुई थी, उनके लिए बाद में बदले गए प्रावधानों का प्रभाव किस प्रकार लागू होगा, इस पर सरकार को स्पष्ट और न्यायसंगत नीति बनानी चाहिए। फेडरेशन ने केंद्र सरकार से मांग की कि शिक्षकों की समस्याओं को लेकर शिक्षकों से वार्ता की इसका समाधान निकाला जाए। संवाद