यूनिसेफ में इंटर्नशिप का मौका: अंतरराष्ट्रीय टीम के साथ काम कर बढ़ाएं अपना अनुभव; 25 सितंबर तक आवेदन
यूनिसेफ ने इंटर्नशिप प्रोग्राम के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। चयनित इंटर्न को अंतरराष्ट्रीय अनुभव के साथ यूनिसेफ वेंचर फंड की टीम के साथ काम करने का मौका मिलेगा। उम्मीदवार 25 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं।
विस्तार
युक्त राष्ट्र अंतरराष्ट्रीय बाल आपातकालीन कोष (यूनिसेफ) वेंचर फंड इंटर्नशिप-2026 के लिए आवेदन शुरू हो गए हैं। यूनिसेफ के स्टॉकहोम स्थित नवाचार कार्यालय में यह छह महीने की पार्ट-टाइम इंटर्नशिप है। इस इंटर्नशिप के लिए दुनिया भर के उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।
इसके प्रमुख क्षेत्रों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ब्लॉकचेन, यूएवी, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, डाटा साइंस और सहायक तकनीक आदि शामिल हैं। इंटर्न के तौर पर आपको एक ऐसी नई टेक्नोलॉजी वाली कंपनियों/आइडियाज को ढूंढना होगा, जो समाज की किसी समस्या को हल करने में मदद कर सकें। यह अवसर तकनीक, नवाचार और सामाजिक प्रभाव के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय अनुभव प्राप्त करने के लिए उपयोगी हो सकता है।
क्या कार्य करेंगे?
चयनित इंटर्न को अंतरराष्ट्रीय अनुभव के साथ यूनिसेफ वेंचर फंड की टीम के साथ काम करने का अवसर मिलेगा। वे स्टार्टअप की खोज और जांच-पड़ताल, बाजार अनुसंधान और आवेदनों की समीक्षा, तथा मूल्यांकन नोट्स और शोध सामग्री तैयार करने में मदद करेंगे। इसके अलावा, वे संसाधन जुटाने के लिए सामग्री व केस स्टडी तैयार करेंगे, पोर्टफोलियो और जानकारी से जुड़े रिकॉर्ड संभालेंगे। साथ ही, यूनिसेफ के संबंधित कार्यालयों के साथ समन्वय करेंगे, बैठकों के लिए जरूरी सामग्री तैयार करेंगे और अलग-अलग प्रोजेक्ट्स में सहयोग करेंगे।
अंतरराष्ट्रीय संगठन में मिलेगा अनुभव
इस इंटर्नशिप के दौरान बच्चों को प्रभावित करने वाली वैश्विक विकास संबंधी चुनौतियों को समझने का अवसर मिलेगा। साथ ही, नवाचार और नई तकनीकों, शोध, विश्लेषण और निवेश से जुड़े कार्यों, तथा लेखन और संपादन का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करेंगे। इसके अलावा, एक्सेल और पावर बीआई जैसे उपकरणों की मदद से डाटा का विश्लेषण, ज्ञान प्रबंधन और एक अंतरराष्ट्रीय संगठन में प्रभावी संवाद एवं टीम के साथ मिलकर काम करने का अनुभव भी मिलेगा।
- इंटर्नशिप की अवधि छह माह निर्धारित की गई है।
- आवेदकों को एक्सेल, पावरपॉइंट और शेयरपॉइंट जैसे उपकरणों का अच्छा ज्ञान होना चाहिए।
- अंग्रेजी भाषा में लिखने और बोलने में दक्ष होना चाहिए।
योग्यताएं
इंटर्नशिप के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार की उम्र कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए। उम्मीदवार वर्तमान में किसी स्नातक या स्नातकोत्तर डिग्री कार्यक्रम में अध्ययनरत हो या पिछले दो वर्षों के भीतर अपनी पढ़ाई पूरी कर चुका हो। इसके साथ ही, सामाजिक एवं आर्थिक विकास, व्यवसाय प्रशासन, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र, नवाचार, लोक प्रशासन या संबंधित किसी अन्य क्षेत्र में शैक्षणिक पृष्ठभूमि होना आवश्यक है। उम्मीदवार के पास अच्छे संगठनात्मक और समय-प्रबंधन कौशल, साथ ही बेहतर पारस्परिक संबंध एवं टीम के साथ काम करने की क्षमता होनी चाहिए।
कैसे करें आवेदन?
आवेदन करने के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। आवेदन करने की अंतिम तिथि 25 सितंबर, 2026 निर्धारित की गई है। आप आधिकारिक वेबसाइट unicef.org/careers पर जाकर ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
कमेंट
कमेंट X