लॉरेंस का 'बॉक्सर': विदेश से चलाता था दिल्ली-बॉलीवुड में रंगदारी का खेल, बॉक्सिंग सिखाते-सिखाते बना गैंगस्टर
गैंगस्टर हैरी बॉक्सर ने रोहित शेट्टी के घर फायरिंग और कपिल शर्मा के कैफे पर हमला किया। उसने रणवीर सिंह के मैनेजर से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। वह अमेरिका से नेटवर्क चलाता है।
विस्तार
कॉमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा स्थित कैफे से लेकर फिल्म निर्माता और निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग तक हर बड़े मामले के पीछे गैंगस्टर हैरी बॉक्सर का ही हाथ होता था। लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सक्रिय सदस्य हैरी उर्फ हरिचंद जाट का आतंक राष्ट्रीय राजधानी में सितंबर 2025 में शुरू हुआ था। दिल्ली में उसके निशाने पर क्लब मालिक से लेकर कारोबारी और व्यवसायी शामिल थे। फिल्म निर्देशक-निर्माता रोहित शेट्टी से रंगदारी न मिलने पर हैरी ने ही उनके घर के बाहर फायरिंग करवाई थी। रंगदारी मांगने के अलावा उस पर हत्या, मारपीट और फायरिंग के भी कई मामले दर्ज हैं। लॉरेंस बिश्नोई गैंग का वह नंबर-3 का गुर्गा माना जाता था। साल 2024 में हैरी डंकी रूट से अमेरिका गया था।
बॉक्सिंग सीखी इसलिए बॉक्सर नाम पड़ा
हैरी मूल रूप से राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बामसूर इलाके का रहने वाला है। जयपुर में रहते हुए उसने बॉक्सिंग सीखी थी। इसी वजह से उसका नाम बॉक्सर पड़ा। जानकारी के अनुसार, हैरी शुरुआत में काफी होनहार था। उसने जयपुर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की थी। बॉक्सिंग कोच के तौर पर भी काम कर चुका था। धीरे-धीरे वह अपराध के रास्ते पर चल दिया।
हैरी विदेश में रहकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का रंगदारी का नेटवर्क चलाने में अहम भूमिका निभाता है। कॉमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा के कैफे पर हुई फायरिंग हो या फिर अभिनेता रणवीर सिंह के मैनेजर को धमकी भरा वॉइस मैसेज भेजकर 10 करोड़ रुपये मांगने का मामला हो, हर घटना के पीछे हैरी का ही हाथ होता था। आरोपी दिल्ली और देश के अन्य बड़े व्यापारियों, फिल्म हस्तियों को व्हाट्सएप वॉइस नोट और अंतरराष्ट्रीय कॉल से धमकाता और रंगदारी मांगता। दिल्ली पुलिस के अनुसार, वह सुरक्षित चैटिंग एप्स के जरिये दिल्ली में सक्रिय था।
हिमांशु और नीरज भी हो चुके हैं गिरफ्तार
हैरी बॉक्सर से पहले अमेरिकी एजेंसियां मोस्ट वॉन्टेड गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया को भी गिरफ्तार कर चुकी हैं। दोनों गैंग फर्जी पासपोर्ट की बदौलत अमेरिका में रह रहे थे और दोनों पर अमेरिका से अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क ऑपरेट करने का आरोप है। भारतीय जांच एजेंसियों के मुताबिक, हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया अमेरिका में एक साथ रह रहे थे।
ऐसे सामने आया था बॉक्सर का नाम
31 जनवरी 2026 की रात रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर के बाहर फायरिंग हुई थी। इसकी जिम्मेदारी हैरी बॉक्सर ने ली थी। इसके बाद कपिल शर्मा और सलमान खान को भी धमकी हैरी की ओर दी गई थी।