न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट की तैयारी: शुभमन गिल दौरे पर साथ ले जाएंगे निजी नेट गेंदबाज? पूरा खर्च खुद उठाएंगे
शुभमन गिल न्यूजीलैंड दौरे पर अपनी टेस्ट तैयारियों को मजबूत करने के लिए चार से पांच निजी नेट गेंदबाज साथ ले जा सकते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इन गेंदबाजों का पूरा खर्च वह खुद उठाएंगे। न्यूजीलैंड रवाना होने से पहले गिल पंजाब की ओर से रणजी ट्रॉफी में छत्तीसगढ़ के खिलाफ खेलेंगे।
विस्तार
भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज की तैयारी में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, गिल इस दौरे पर अपने साथ चार से पांच निजी नेट गेंदबाज ले जाने की तैयारी कर रहे हैं। खास बात यह है कि इन गेंदबाजों के रहने, आने-जाने और अन्य खर्चों का पूरा जिम्मा गिल खुद उठाएंगे। आमतौर पर विदेशी दौरों पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) खिलाड़ियों की मदद के लिए नेट गेंदबाजों की व्यवस्था करता है। हालांकि, गिल का अपनी व्यक्तिगत तैयारी के लिए अलग से गेंदबाजों को साथ ले जाने का फैसला खास माना जा रहा है।
पहली बार कोई भारतीय क्रिकेटर खुद उठाएगा पूरा खर्च?
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, गिल के इस कदम को भारतीय क्रिकेट में असामान्य माना जा रहा है। बीसीसीआई का एक अधिकारी ने नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर बताया, 'यह दिलचस्प है। गिल न्यूजीलैंड ए के खिलाफ भारत ए के टेस्ट मैच नहीं खेल रहे हैं, क्योंकि उन्हें वनडे भी खेलने हैं। इसलिए वह 23 या 24 अक्तूबर को न्यूजीलैंड के लिए रवाना हो रहे हैं। उनके साथ जाने वाले चार से पांच गेंदबाजों का पूरा खर्च गिल उठाएंगे।' रिपोर्ट के मुताबिक, यह पहला ऐसा मामला माना जा रहा है, जब किसी भारतीय क्रिकेटर ने विदेशी दौरे पर विशेष रूप से अपनी ट्रेनिंग के लिए निजी नेट गेंदबाजों की व्यवस्था की है और उनका पूरा खर्च खुद उठाने का फैसला किया है।
इंग्लैंड में बल्ले से मचाया था धमाल, अब न्यूजीलैंड की चुनौती
26 वर्षीय गिल ने इस साल इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हुए 754 रन बनाए थे। अब न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में उनके सामने अपनी तकनीक और धैर्य साबित करने की चुनौती होगी। न्यूजीलैंड में तेज गेंदबाजों को मिलने वाली मदद को देखते हुए गिल की तैयारी काफी अहम हो सकती है। निजी नेट गेंदबाजों के साथ अभ्यास करने से उन्हें अपनी जरूरत के मुताबिक गेंदबाजी का सामना करने और टेस्ट क्रिकेट के लिए तैयार होने का अतिरिक्त समय मिल सकता है। हालांकि, यह व्यवस्था कितनी प्रभावी साबित होगी, इसका पता मैदान पर उनके प्रदर्शन से ही चलेगा।
रणजी ट्रॉफी में भी मिलेगा अभ्यास का मौका
न्यूजीलैंड रवाना होने से पहले गिल पंजाब की ओर से रणजी ट्रॉफी में भी खेलेंगे। वह व्यक्तिगत कारणों से पंजाब के शुरुआती मुकाबले में नहीं खेले थे, लेकिन छत्तीसगढ़ के खिलाफ 18 अक्तूबर से मुल्लांपुर में शुरू होने वाले दूसरे मैच में उनकी वापसी तय है। यह मुकाबला गिल के लिए लाल गेंद से अभ्यास करने का अहम अवसर होगा। इसके बाद वह न्यूजीलैंड के लिए रवाना होंगे। व्यस्त कार्यक्रम के बीच भारतीय कप्तान टेस्ट क्रिकेट की तैयारी को प्राथमिकता दे रहे हैं।
गिल न्यूजीलैंड दौरे पर पांच वनडे में से तीन में भारत की कप्तानी करेंगे। इसके अलावा वह दो टेस्ट मैचों में भी टीम की अगुआई करेंगे। ऐसे में उनकी बल्लेबाजी के साथ कप्तानी भी भारत के लिए महत्वपूर्ण होगी। निजी नेट गेंदबाजों को साथ ले जाने का फैसला दिखाता है कि वह इस चुनौती के लिए अपनी तैयारी को लेकर कितने गंभीर हैं।