देवदत्त पडिक्कल ने कीवी गेंदबाजों की उड़ाई धज्जियां: दोहरे शतक से एक रन से चूके; भारत-ए टीम मजबूत स्थिति में
देवदत्त पडिक्कल ने न्यूजीलैंड ए के खिलाफ पहले अनौपचारिक टेस्ट की दूसरी पारी में 248 गेंदों पर 199 रन बनाए। साई सुदर्शन ने 91 और यश राठौड़ ने 66 रन का योगदान दिया। पहली पारी में 113 रन पर सिमटने वाली भारत ए टीम ने तीसरे दिन खबर लिखे जाने तक सात विकेट पर 470 रन बना लिए थे और उसकी बढ़त 266 रन हो गई थी।
विस्तार
देवदत्त पडिक्कल ने सोमवार, 26 अक्तूबर को न्यूजीलैंड ए के खिलाफ पहले अनौपचारिक टेस्ट के तीसरे दिन शानदार बल्लेबाजी करते हुए 199 रन की पारी खेली। वह दोहरे शतक से सिर्फ एक रन दूर रह गए, लेकिन उनकी पारी ने मुकाबले का रुख पलट दिया। भारत ए ने पहली पारी में 113 रन पर सिमटने और न्यूजीलैंड ए के 317 रन के जवाब में पिछड़ने के बाद दूसरी पारी में जोरदार वापसी की। खबर लिखे जाने तक भारत ए ने दूसरी पारी में सात विकेट पर 470 रन बना लिए थे और उसकी कुल बढ़त 266 रन हो गई थी।
रात के नाबाद 56 रन से आगे खेलते हुए पडिक्कल ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक अंदाज जारी रखा। उन्होंने 248 गेंदों पर 199 रन बनाए, जिसमें 24 चौके और तीन छक्के शामिल रहे। उनका स्ट्राइक रेट 80.24 का रहा। पडिक्कल चाय से करीब 10 मिनट पहले जैक गिब्सन की गेंद पर आउट हुए। गेंद लेग स्टंप की ओर जा रही थी और वह उसे विकेटकीपर के हाथों में खेल बैठे। हालांकि, पडिक्कल इस फैसले से नाखुश दिखे और अंपायर के सामने अपनी नाराजगी भी जाहिर की।
इस तरह आउट हुए पडिक्कल
पडिक्कल को साई सुदर्शन का अच्छा साथ मिला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 215 रन की साझेदारी की। सुदर्शन 184 गेंदों पर 91 रन बनाकर क्रिस्टियन क्लार्क का शिकार बने। उनकी पारी में 12 चौके शामिल रहे। वह लगातार दूसरी बार शतक के करीब पहुंचकर चूक गए। इससे पहले सीरीज के शुरुआती दौरे के मुकाबले में भी वह शतक से एक रन दूर रह गए थे।
सुदर्शन के आउट होने के बाद यश राठौड़ ने पडिक्कल के साथ पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने 142 गेंदों पर 142 रन जोड़े। राठौड़ ने 72 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से 66 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद वाशिंगटन सुंदर और औकिब नबी ने भी पारी को संभाला। खबर लिखे जाने तक सुंदर 70 गेंदों पर 48 रन और औकिब नबी 50 गेंदों पर 23 रन बनाकर क्रीज पर थे। अंशुल कंबोज ने 36 गेंदों पर 23 रन का योगदान दिया। न्यूजीलैंड ए की ओर से जैक गिब्सन ने दो विकेट लिए।
🔴 LADIES & GENTLEMEN, MEET THE REAL STAR BOY OF INDIAN CRICKET! 🌟 - India were bowled out for just 113 runs in the 1st innings. - In the 2nd innings, both openers were dismissed early. - With India at 9/2, Devdutt Padikkal walked in to bat. - He smashed a century and is now batting on 172* (226 balls). - While other players struggled, Padikkal stood tall and showed his class. CENTURY CELEBRATION OF THE SAVIOUR OF INDIAN TEST CRICKET - DEVDUTT PADIKKAL! 🇮🇳❤️
— Sam (@cricsam02) October 26, 2026
भारत ए की दूसरी पारी की शुरुआत खराब रही थी। दूसरे दिन शुरुआती पांच ओवर के भीतर ही यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल आउट हो गए थे। जायसवाल पांच और राहुल चार रन बनाकर पवेलियन लौटे। राहुल हिट विकेट हुए, जबकि जायसवाल को बाउंसर पर कैच आउट कराया गया। इसके बाद पडिक्कल और सुदर्शन ने पारी को संभाला और फिर राठौड़ ने भी अहम योगदान दिया।
पहली पारी में 113 रन बनाने वाली भारतीय टीम अब मुकाबले में मजबूत स्थिति में पहुंच गई है। पडिक्कल ने टेस्ट क्रिकेट में अपनी अच्छी फॉर्म को जारी रखा है। श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान भारतीय टीम में वापसी के बाद उन्होंने लगातार रन बनाए हैं। अब तेज गेंदबाजों के अनुकूल परिस्थितियों में उनकी इस पारी ने उनकी क्षमता को एक बार फिर साबित किया है।