बिहार: तालाब में मिला 12 अक्टूबर से लापता 15 वर्षीय किशोरी का शव, मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
किशनगंज के कोचाधामन थाना क्षेत्र के धनपुरा गांव में तालाब से 15 वर्षीय लापता किशोरी दिलखुश का शव बरामद हुआ। वह 12 अक्टूबर से लापता थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मौत के कारणों की जांच जारी है।
विस्तार
किशनगंज जिले के कोचाधामन थाना क्षेत्र की धनपुरा पंचायत अंतर्गत धनपुरा गांव में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के एक तालाब से 15 वर्षीय किशोरी का शव बरामद हुआ। किशोरी 12 अक्टूबर से अपने घर से लापता थी। मृतका की पहचान दिलखुश के रूप में हुई है। उनके पिता का नाम मो. कमरुल है।
इस मामले में पंचायत के पैक्स अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री राही ने बताया कि किशोरी के लापता होने के बाद परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की थी। रेलवे स्टेशन सहित कई जगहों पर तलाश की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने कोचाधामन थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस संबंध में थाना कांड संख्या 526/26 दर्ज है।
बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने परिजनों को सूचना दी कि घर से करीब 400 मीटर दूर स्थित तालाब में एक शव तैर रहा है। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। इसके बाद पुलिस और प्रशासन को इसकी जानकारी दी गई।
पढे़ं: परिवार के सात बच्चे चले गए, अब क्या मांगें?: नाव हादसे में अपनों को खोने वाले पिता का छलका दर्द, बिलखते रहे
सूचना मिलने पर एसडीपीओ खुशरू सिराज, थाना प्रभारी इजहार आलम सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, किशनगंज भेज दिया गया। मौके पर एंबुलेंस भी बुलाई गई थी।
पंचायत प्रतिनिधि श्री राही ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि घटना की सच्चाई सामने आनी चाहिए। उन्होंने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि किशोरी की मौत हादसे में हुई, उसने आत्महत्या की या उसकी हत्या की गई। ग्रामीणों के बीच यह चर्चा भी है कि कहीं घास काटने के दौरान तो कोई हादसा नहीं हुआ।
वहीं, एसडीपीओ खुशरू सिराज ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही किशोरी की मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।