फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'अमेरिका के साथ बातचीत में कोई नई प्रगति नहीं': ईरान बोला- दो दिवसीय प्रस्ताव अब भी मेज पर; अब आगे क्या?

Mon, 30 Nov 2026 12:08 AM IST
अमन मौर्या एएनआई, तेहरान, ईरान

सार

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि अमेरिका के साथ बातचीत में कोई नई प्रगति नहीं हुई है और तेहरान का दो दिवसीय प्रस्ताव अब भी मेज पर है। ईरान ने स्पष्ट किया है कि उसकी शर्तें पूरी होने पर ही होर्मुज जलडमरूमध्य खोलेगा और व्यापक समझौते पर बातचीत करेगा।
विज्ञापन
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने रविवार को कहा कि अमेरिका के साथ बातचीत में फिलहाल कोई नई प्रगति नहीं हुई है। उन्होंने दोहराया कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष को समाप्त करने के लिए ईरान का दो दिवसीय प्रस्ताव अब भी मेज पर है। ईसीओ दिवस समारोह से इतर पत्रकारों से बातचीत में अराघची ने इस प्रस्ताव को संतुलित और उचित बताया। उन्होंने कहा कि इसमें ईरान की मांगों और अपेक्षाओं के साथ-साथ दूसरे पक्ष के विचारों को भी ध्यान में रखा गया है।
विज्ञापन


अराघची ने कहा, 'फिलहाल बातचीत में ऐसी कोई नई प्रगति नहीं हुई है, जिसका उल्लेख किया जा सके। हमारा दो दिवसीय प्रस्ताव अब भी मेज पर है।' उन्होंने कहा कि अगर वाशिंगटन ईरान की मांगों को पूरा करता है तो इस प्रस्ताव के जरिये रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य को दोबारा खोला जा सकता है और कुछ ही समय में व्यापक समझौते के लिए बातचीत शुरू हो सकती है।

ईरानी विदेश मंत्री ने और क्या कहा?
ईरानी विदेश मंत्री ने आगे कहा कि तेहरान की मांगें न तो नई हैं और न ही अनुचित। इनमें से कई मांगें पहले भी वाशिंगटन के साथ बातचीत के दौरान उठाई जा चुकी हैं। अराघची ने कहा, 'मैं कई बार कह चुका हूं कि हमारी मांगें न तो अनुचित हैं और न ही नई। इन सभी को किसी न किसी रूप में पहले भी उठाया जा चुका है और इनमें से कई पर ट्रंप के हस्ताक्षर भी हैं।'
विज्ञापन


अराघची का यह बयान संघर्ष समाप्त करने के लिए जारी कूटनीतिक प्रयासों के बीच आया है। ईरानी नेतृत्व लगातार यह कहता रहा है कि तेहरान की शर्तों पर ध्यान दिए बिना बातचीत आगे नहीं बढ़ सकती।

सात शर्तें पर क्या बोला ईरान?
बता दें कि पिछले सप्ताह ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाकर गालिबफ ने कहा था कि जब तक ईरान की सात शर्तें पूरी नहीं होतीं, तब तक तेहरान वाशिंगटन के साथ बातचीत की दिशा में कोई कदम नहीं उठाएगा। उन्होंने ईरानी संसद में कहा था, 'हमारा रुख पहले जैसा ही है। ईरान की सात शर्तें पूरी होने से पहले कोई कार्रवाई या बातचीत नहीं की जाएगी।'

ईरान की मांगों में उसके बंदरगाहों पर अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी हटाना, प्रतिबंधों में राहत देना, ईरान की जब्त संपत्तियों को जारी करना, सभी मोर्चों पर शत्रुता समाप्त करना और युद्ध खत्म होने की औपचारिक घोषणा करना शामिल है।

क्या 48 घंटे में खुल सकता है होर्मुज जलडमरूमध्य?
इस महीने की शुरुआत में ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने भी दोहराया था कि तेहरान का दो दिवसीय प्रस्ताव अब भी उपलब्ध है। उन्होंने इसे 'संभव सबसे उचित योजना' बताया था। बघाई ने कहा था कि यदि वाशिंगटन ईरान की मांगें पूरी करता है तो 48 घंटे के भीतर होर्मुज जलडमरूमध्य में सुरक्षा बहाल की जा सकती है। इससे क्षेत्र में सकारात्मक घटनाक्रम का रास्ता खुल सकता है।

इस बीच उन्होंने अमेरिका पर बातचीत के दौरान ईरान पर हमला करने का आरोप भी लगाया था। बघाई ने अमेरिकी सैन्य कार्रवाई को 'बेतुका, अवैध और अतार्किक' करार दिया था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें