आपदा के दौरान त्वरित राहत और बचाव कार्यों के लिए जिले को चार नए रेस्क्यू वाहन मिले हैं। बुधवार को केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल और जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर वाहनों को चारों तहसीलों के लिए रवाना किया। इनका इस्तेमाल आपदा प्रभावित क्षेत्रों में रेस्क्यू व राहत-बचाव दलों और आवश्यक सामग्री व उपकरणों को पहुंचाने में किया जाएगा। विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि जिला आपदा की दृष्टि से संवेदनशील है, ऐसे में पर्याप्त संसाधनों की उपलब्धता जरूरी है। डीएम विशाल मिश्रा ने बताया कि चारों वाहनों को तहसीलों को उपलब्ध करा दिया गया है, जिससे आपदा की स्थिति में स्थानीय स्तर पर शीघ्र राहत और रेस्क्यू कार्य शुरू किए जा सकेंगे।