वाराणसी के चौक थाना, लंका थाना और एसओजी की संयुक्त टीम ने चांदी लूटकांड का खुलासा करते हुए पुलिस मुठभेड़ में दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई 4 किलो चांदी की चार बट्टियां, 15,020 रुपये नकद, दो अवैध तमंचे (.315 बोर), चार जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को चौक थाना क्षेत्र के गोविंदपुरा मोड़ के पास हेमा ज्वेलर्स से महालक्ष्मी ज्वेलर्स ले जाई जा रही करीब 27.327 किलोग्राम चांदी को बदमाशों ने लूट लिया था। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर की सूचना और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से पुलिस ने आरोपियों का पता लगाया। सोमवार देर रात लंका थाना क्षेत्र के लौटूबीर पुलिया के आगे सर्विस रोड पर घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश घायल हो गए, जिन्हें गिरफ्तार कर बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।