सुल्तानपुर: अखंडनगर थाना क्षेत्र के बछेड़िया गांव में मंगलवार दोपहर तेंदुए जैसे जंगली जानवर के दिखने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। ग्रामीण सौरभ त्रिपाठी के मुताबिक, वह ट्रैक्टर से घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में अचानक कुत्ते से बड़ा जानवर सामने आ गया। जानवर ने उनकी ओर झपटने की कोशिश की। खतरा भांपकर सौरभ ने ट्रैक्टर की रफ्तार बढ़ाई और किसी तरह बच निकले। जानवर जंगल की ओर भाग गया। सौरभ ने दूर जाते जानवर का वीडियो भी बनाया। घटना की जानकारी पर ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर इलाके में पहुंच गए और खेतों व रास्तों पर निगरानी शुरू कर दी। शुरुआत में वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची, बाद में कादीपुर रेंज के वाचर गुलाब सिंह पहुंचे। प्रभागीय वनाधिकारी अमित सिंह ने बताया कि वीडियो में तेंदुए की पुष्टि नहीं हो रही है। यह फिशिंग कैट भी हो सकती है। रेंजर पंकज चौधरी के नेतृत्व में टीम गठित कर दो दिन निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।