यूपी के सीतापुर में देर रात से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश और तेज आंधी से शुक्रवार सुबह एक कच्ची दीवार गिर गई। मलबे में युवक की मौत हो गई। घटना से परिजनों में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर गांव के लोग भी एकत्र हो गए। वह परेशान परिजनों को ढांढस बंधाते रहे। घटना इमलिया सुल्तानपुर क्षेत्र के नौवा महमूदपुर गांव की है। यहां सुबह करीब 7 बजे बांके बिहारी (35) के घर की कच्ची दीवार गिर छप्पर के साथ गई। वह मलबे में दब गए। तेज आवाज सुनकर पहुंचे घरवाले और ग्रामीणों ने उन्हें निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, ऐलिया पहुंचाया। वहां जांच के बाद डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सीएचसी में मौजूद चिकित्सक डॉ. सुधीर पांडेय ने जांच के बाद बांके बिहारी के मृत होने की पुष्टि की। ग्रामीणों के अनुसार, बारिश और आंधी से क्षेत्र में कई जगह नुकसान हुआ है।