शाहजहांपुर। भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम में बुधवार को जनपद स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न शिक्षण संस्थानों के करीब 300 युवाओं ने पांच विधाओं में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा दिखाई। प्रतिभागियों को पुरस्कृत करने के साथ मंडल स्तरीय युवा उत्सव के लिए चयनित किया गया। युवा कल्याण विभाग की ओर से आयोजित उत्सव में मुख्य अतिथि सीडीओ उत्कर्ष द्विवेदी ने दीप जलाकर शुभारंभ किया। नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत थीम पर सीडीओ ने युवाओं को नशे से दूर रहने और विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। इस बीच हुई चित्रकला प्रतियोगिता में समृद्धि सक्सेना प्रथम, आन्या गंगवार द्वितीय और मीना कुमारी तृतीय रहीं। कविता लेखन में रितिका सिंह ने पहला, हर्षिता वर्मा ने दूसरा और अविरल दीप पांडे ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। नुक्कड़ नाटक में अलवीरा यासर खान की टीम विजेता रही। लोकगीत और लोकनृत्य में आर्य महिला इंटर कॉलेज की टीमों ने बाजी मारी। कार्यवाहक जिला युवा कल्याण अधिकारी एसपी बमनिया, कार्यक्रम प्रभारी सतेंद्र कुमार के साथ सीडीओ ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। माय भारत के उपनिदेशक माहे आलम, नमामि गंगे के परियोजना अधिकारी विनय सक्सेना, डॉ. रूपक श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।