मुजफ्फरनगर। सावन की कांवड़ यात्रा के बीच मुजफ्फरनगर के कांवड़ मार्ग शिवभक्ति के रंग में रंगे नजर आ रहे हैं। दिन हो या रात, सड़कों पर शिवभक्तों का सैलाब दिखाई दे रहा है। हर तरफ बोल बम और हर-हर महादेव के जयकारे गूंज रहे हैं। रात के समय भी कांवड़ मार्गों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही कम नहीं हो रही। दूर-दूर से पहुंचे शिवभक्त दर्शन के लिए भी बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। इसके चलते डिवाइडर और प्रमुख मार्गों पर देर रात तक लंबी कतारें लगी नजर आती हैं। कांवड़ियों के जत्थे लगातार अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। कोई पैदल कांवड़ लेकर चल रहा है तो कहीं डाक कांवड़ के जत्थे नजर आ रहे हैं। पूरी सड़क शिवभक्ति और उत्साह से सराबोर दिखाई दे रही है।