रामादेवी फ्लाईओवर के रैंप पर मरम्मत कार्य के चलते रविवार को यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। एनएचएआई की ओर से फ्लाईओवर पर चढ़ने वाले रैंप पर बैरिकेडिंग लगाकर मार्ग बंद कर दिया गया, जिससे बड़ी संख्या में वाहनों को नीचे के रास्ते से गुजरना पड़ा। रविवार सुबह से ही एनएचएआई के कर्मचारी रैंप पर मरम्मत कार्य में जुटे रहे। फ्लाईओवर बंद होने के कारण भारी और हल्के दोनों प्रकार के वाहनों का दबाव नीचे की सड़कों पर बढ़ गया। इसका असर हरजिंदर नगर चौराहा, जाजमऊ चौराहा और जेके चौराहे पर साफ दिखाई दिया, जहां लंबा जाम लग गया। यातायात का दबाव बढ़ने से वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर वाहन रेंग-रेंगकर आगे बढ़ते दिखाई दिए। जाम के कारण लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सामान्य दिनों की तुलना में अधिक समय लगा।