नगर पालिका ने सभी वार्डों में जर्जर मकानों की सूची बनाने और सर्वे का काम शुरू कर दिया है। मंगलवार तक हुए सर्वे में तीन वार्डों में केवल एक जर्जर मकान मिला है। नवीन गंगापुल मोड़ के पास हाल ही में एक जर्जर मकान का छज्जा गिरने से दो लोग घायल हो गए थे। इस घटना के बाद प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की है। नगर में 24 से अधिक अति जर्जर मकान हैं, जिनके कारण कभी भी हादसा हो सकता है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी डॉ. राजेश कुमार के निर्देश पर कर्मचारियों को इस कार्य में लगाया गया है। उन्होंने कर्मचारियों को जल्द से जल्द सूची तैयार कर जर्जर मकान मालिकों को नोटिस देने और मकानों को गिरवाने के निर्देश दिए हैं। बाबू प्रेम गुप्ता ने बताया कि वार्ड संख्या 11 अंबिकापुरम, वार्ड संख्या एक सर्वोदय नगर और वार्ड संख्या 15 जगनी खेड़ा में सर्वे किया जा रहा है। जगनी खेड़ा में एक जर्जर मकान मिला है जिसे सूची में दर्ज किया गया है। नवीन गंगापुल मोड़ पर स्थित जर्जर मकानों की दीवारों को अभी तक नहीं गिराया गया है, हालांकि ईओ ने बताया कि सभी को नोटिस दी जा चुकी है।