चकेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत घाऊखेड़ा में बुधवार सुबह 21 वर्षीय डांसर कृष्ण कुमार उर्फ कल्लू का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके कमरे में बेड पर पड़ा मिला। मृतक के गले पर चोट के निशान मिले हैं। परिजनों ने मोहल्ले के ही दबंगों पर पुरानी रंजिश और मुकदमे में गवाही न देने का दबाव बनाने को लेकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने फोरेंसिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और एसीपी चकेरी के मुताबिक मामले की गहन जांच की जा रही है।