चकेरी थानाक्षेत्र के जीटी रोड गंगागंज बस्ती के पास रविवार दोपहर बारिश के कारण हुए गड्ढे में बाइक अनियंत्रित होने से चप्पल कारीगर घायल हो गया। वह बाइक से बिंदकी जा रहा था। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया और परिजनों को घटना की जानकारी दी। हादसे के दौरान युवक ने हेलमेट नहीं लगा रखा था, बल्कि हेलमेट बाइक में टंगा था। शुक्लागंज के बिंदा नगर निवासी अनवर हुसैन चप्पल कारीगर हैं। उनके परिवार के लोग फतेहपुर के बिंदकी स्थित ससुराल गए हुए थे। छोटे भाई आरिफ ने बताया कि रविवार को अनवर बाइक से परिवार को लेने बिंदकी जा रहे थे। जीटी रोड पर गंगागंज बस्ती के पास बारिश के कारण सड़क पर बने गड्ढे में बाइक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर गिरकर घायल हो गए।