औरैया जिले के उपकेंद्र बेला क्षेत्र स्थित तिरकों गांव में एलटी विद्युत लाइन सड़क से मात्र आठ फीट की ऊंचाई पर झूल रही है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कम ऊंचाई होने के कारण गांव से खेती की मशीनें, बड़े वाहन और स्कूली बसें निकालने में हर वक्त बड़े हादसे का खतरा बना रहता है। कई बार वाहनों को निकालने के लिए बिजली आपूर्ति भी बंद करानी पड़ती है। ग्रामीणों की शिकायत पर अवर अभियंता वीरेंद्र कुमार ने मामले की जानकारी न होने की बात कहते हुए जल्द ही लाइन को ऊंचा कराए जाने का आश्वासन दिया है।