पुलिस लाइन परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश राजभर, सांसद लालजी वर्मा, जिला पंचायत प्रशासक साधू वर्मा, पूर्व सांसद रितेश पांडेय, जिलाधिकारी ईशा प्रिया, पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह, मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला समेत तमाम अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। जन्माष्टमी समारोह के दौरान भगवान श्रीकृष्ण और राधा की मनमोहक झांकी सजाई गई, जिसने श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया। वहीं, फूलों की होली कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। फूलों की होली के दौरान परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर जिलेवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूरे पुलिस लाइन परिसर में भक्ति और उत्सव का माहौल देखने को मिला।