श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के पहले सोमवार पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए नगर क्षेत्र के प्रमुख शिवालयों और गंगा-यमुना घाटों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। मनकामेश्वर मंदिर, नागवासुकी मंदिर सहित सभी प्रमुख शिवालयों एवं प्रमुख घाटों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई। सिटी डीसीपी मनीष शांडिल्य ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु दर्शन व्यवस्था के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मी, महिला पुलिस एवं यातायात पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है। मंदिर परिसरों और प्रमुख मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही भीड़ प्रबंधन के लिए बैरिकेडिंग और डायवर्जन की व्यवस्था भी लागू की गई है। डीसीपी नगर ने श्रद्धालुओं से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने, अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। डीसीपी मनीष शांडिल्य ने बताया कि सभी थाना प्रभारियों को सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।