बिचपुरी (आगरा)। आगरा-जयपुर हाईवे पर किरावली क्षेत्र में सकतपुर मोड़ से महुआरे तक सड़क के दोनों ओर अत्यधिक घनी घास उग आई है जिससे गंभीर हादसों का खतरा बढ़ गया है। घास इतनी अधिक हो गई है कि हाईवे के किनारे बनी खाई दिखाई नहीं दे रही हैं, जो वाहन चालकों के लिए एक बड़ा जोखिम पैदा कर रही हैं। स्थानीय निवासी अनुज पंडित ने बताया कि इस मार्ग से एसडीएम किरावली, सहायक पुलिस आयुक्त अछनेरा सहित कई अन्य अधिकारी भी अपने कार्यालयों के लिए गुजरते हैं। फतेहपुर सीकरी के स्मारक देखने आने वाले पर्यटक भी इसी मार्ग का प्रयोग करते हैं। किसान-मजदूर नेता चौधरी दिलीप सिंह के साथ करतार सिंह, दीपक जाट, संदीप शर्मा, नजर अब्बास और भोला पाली सहित कई अन्य लोगों ने भी इस समस्या पर ध्यान आकर्षित किया है। राष्ट्रीय राजमार्ग खंड, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रविंद्र जायसवाल ने आश्वासन दिया है कि बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद सड़क किनारे खड़ी घास को हटवा दिया जाएगा।