फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sawai Madhopur News: शादी करके घर आई और घर लूटकर फरार, लुटेरी दुल्हन गैंग का भंडाफोड़, 5 आरोपी गिरफ्तार

Fri, 17 Apr 2026 10:21 PM IST
सवाई ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सवाई माधोपुर

जिले के गंगापुर सिटी क्षेत्र में उदेई मोड़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लुटेरी दुल्हन गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह की मुख्य महिला आरोपी सहित कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो शादी का झांसा देकर लोगों से ठगी करते थे।

यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय द्वारा वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रयी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार राजौरा और वृत्ताधिकारी गिर्राज प्रसाद मीणा के सुपरविजन में थानाधिकारी बृजेश सिंह तंवर के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपियों को दबिश देकर पकड़ा।

ऐसे रची ठगी की साजिश
परिवादी योगेश अग्रवाल निवासी गंगापुर सिटी ने न्यायालय के माध्यम से रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि ऑनलाइन माध्यम से उसकी शादी तय की गई और तय प्रक्रिया के तहत पैसे जमा कराए गए। इसके बाद 23 जनवरी 2026 को अग्रवाल धर्मशाला में हिंदू रीति-रिवाज से उसकी शादी रानी देवी नामक महिला से कराई गई।

शादी के महज 6 दिन बाद 29 जनवरी की रात आरोपी महिला ने अपने साथियों के साथ मिलकर परिवार को नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर दिया और घर में रखे सोने-चांदी के जेवर व नकदी लेकर फरार हो गई। इस वारदात में करीब 1 लाख 95 हजार रुपये की ठगी की गई।

ये भी पढ़ें: Rajasthan News: सवाई माधोपुर में बेटी बृजेश ने दी पिता को मुखाग्नि, परंपराओं को चुनौती देती संवेदनशील मिसाल

तकनीकी जांच से मिली सफलता
उदेई मोड़ थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने गवाहों के बयान, बैंक खातों के लेनदेन और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। आरोपियों की लोकेशन ट्रेस कर उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में दबिश दी गई, जहां से सभी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पहले भी कर चुके वारदात
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह पहले भी तीन अलग-अलग स्थानों पर इसी तरह की ठगी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। आरोपी शादी का झांसा देकर लोगों को निशाना बनाते और कुछ ही दिनों में वारदात कर फरार हो जाते थे।

न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि शादी जैसे मामलों में जल्दबाजी न करें और विशेष रूप से ऑनलाइन माध्यम से रिश्ते तय करते समय पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें