कोटकपूरा के श्री राधा कृष्ण मंदिर में रविवार रात सावन महीने की तीज को समर्पित झूलन महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। मंदिर के संस्थापक बाबा हरि दर्शन जी की प्रेरणा तथा मंदिर कमेटी के प्रधान इंजीनियर राज कुमार अग्रवाल की सरपरस्ती में आयोजित इस महोत्सव के दौरान मंदिर परिसर को हरियाली के रूप में सजाया गया। इस अवसर पर कीर्तननीय सदा हरि के कलाकारों ने प्रसिद्ध भजन गायक संजीव शर्मा की अगुवाई में भगवान की महिमा का गुणगान किया। मधुर भजनों और संकीर्तन से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया। मंदिर कमेटी की ओर से मालपुए तथा छोले-पूरी का विशेष लंगर भी लगाया गया। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने लंगर प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर कमेटी के प्रधान इंजीनियर राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि झुलन महोत्सव के सफल आयोजन में मंदिर कमेटी के सदस्यों तथा श्रद्धालुओं ने सहयोग दिया। सभी श्रद्धालुओं ने भगवान श्री राधा कृष्ण से परिवारों में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की गई।