पंजाब को हिमाचल प्रदेश से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण तलवाड़ा-जसूर वाया धमेटा-खटियाड़ सड़क इन दिनों अपनी बदहाली के कारण वाहन चालकों और राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह पड़े बड़े-बड़े गड्ढों के कारण हर समय दुर्घटना होने का भय बना रहता है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं, लेकिन सड़क की खस्ताहाल स्थिति के चलते वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर जिला परिषद सदस्य बंदना कालिया ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल कर लोक निर्माण विभाग फतेहपुर और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कड़ा रोष जताया है। उन्होंने विभाग को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तलवाड़ा से जसूर वाया धमेटा-खटियाड़ सड़क पर पड़े गड्ढों को 10 दिन के भीतर नहीं भरा गया, तो उन्हें लोक निर्माण विभाग फतेहपुर और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। बंदना कालिया ने कहा कि यह सड़क पंजाब और हिमाचल प्रदेश को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है और रोजाना हजारों लोग इसका इस्तेमाल करते हैं। सड़क पर पड़े गड्ढों के कारण वाहन चालकों को कई स्थानों पर अचानक ब्रेक लगाने पड़ते हैं या वाहनों को गड्ढों से बचाने के लिए गलत दिशा में ले जाना पड़ता है, जिससे दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि सड़क की हालत को लेकर संबंधित विभाग को कई बार अवगत करवाया गया है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो गई है तथा गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। जिला परिषद सदस्य ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सड़क का निरीक्षण करवाया जाए और सभी गड्ढों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जाए। उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित 10 दिनों में कार्रवाई नहीं हुई तो स्थानीय लोगों को साथ लेकर आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और ठेकेदार की होगी।लेकिन अब देखना यह है कि लोक निर्माण विभाग फतेहपुर इस चेतावनी के बाद सड़क की सुध कब लेता है और वाहन चालकों को गड्ढों से कब राहत मिलती है।