पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने मुख्यमंत्री के कैंप ऑफिस समेत अन्य स्थानों पर सीबीआई द्वारा की गई छापेमारी को लेकर केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर तीखे हमले किए हैं। कुलतार सिंह संधवां ने कहा कि जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव होने वाले होते हैं, वहां केंद्र सरकार के इशारे पर जांच एजेंसियों ईडी और सीबीआई के माध्यम से विपक्षी दलों के नेताओं को निशाना बनाया जाता है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी देश के विभिन्न राज्यों में चुनावों से पहले इस तरह की कार्रवाई देखने को मिली है। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष पंजाब में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसी कारण भाजपा द्वारा ईडी और सीबीआई के माध्यम से अपनी चुनावी मुहिम का आगाज किया जा रहा है। उन्होंने इसे विपक्षी दलों को दबाने की कोशिश करार दिया। स्पीकर संधवां ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार द्वारा जांच एजेंसियों का कथित तौर पर दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल के खिलाफ ईडी द्वारा की गई कार्रवाई में भी कुछ सामने नहीं आया था। इसी तरह पंजाब में की जा रही कार्रवाई से भी कुछ निकलने वाला नहीं है।उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी और पंजाब के लोग ऐसी कार्रवाइयों से डरने वाले नहीं हैं।