खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने खाई फेमे और फिरोजपुर सिटी की पुड्डा मार्केट में खाने-पीने की दुकानों, रेहड़ियों और फास्ट फूड विक्रेताओं की अचानक जांच की। इस दौरान दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुड्डा मार्केट में कुछ दुकानों पर गंदगी और सफाई की कमी पाए जाने पर मौके पर ही कमियों को दूर करने के लिए कहा गया। फूड सेफ्टी अधिकारी अभिनव कुमार के अनुसार, खाई फेमे में जांच के दौरान रेहड़ी चालकों और दुकानदारों को खाने-पीने की चीजें तैयार करते और बेचते समय विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए। खाद्य पदार्थों को धूल, मक्खियों और अन्य गंदगी से बचाकर रखने, साफ कपड़े पहनने, सिर पर कैप लगाने और हाथों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया। विभाग ने दुकानदारों को आवश्यकतानुसार फूड सेफ्टी लाइसेंस या पंजीकरण करवाकर ही कारोबार करने की हिदायत दी। साथ ही चटनी और अन्य खाद्य पदार्थों में गैर-स्वीकृत रंगों का इस्तेमाल न करने को कहा गया। जांच के दौरान मिठाइयों पर लगाए जाने वाले चांदी के वर्क की शुद्धता को लेकर भी लोगों को सावधान किया गया। विभाग ने अपील की कि मिठाइयां विश्वसनीय दुकानों से खरीदें और मिलावटी सामग्री से बचें। विभाग ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध करवाना दुकानदारों की जिम्मेदारी है।